सीजी भास्कर, रायपुर, 29 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर के आसपास तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच 20 गांवों को नगर निगम की सीमा में शामिल करने की योजना एक बार फिर चर्चा में है। इन गांवों को नगर निगम (Raipur Municipal Corporation Expansion) में जोड़ने का प्रस्ताव करीब पांच साल पहले राज्य शासन को भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक इस पर फैसला नहीं हुआ। अब जनगणना की प्रक्रिया शुरू होने के बाद इन गांवों को निगम में शामिल करने का निर्णय जनगणना पूरी होने के बाद ही होने की संभावना है। फिलहाल शासन ने नगर निगम की सीमाएं फ्रीज कर दी हैं।
गांवों में बढ़ा शहरीकरण
पिछले कुछ वर्षों में रायपुर के आसपास के ग्रामीण इलाकों में आबादी और निर्माण गतिविधियों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। कई गांवों में खेती की जमीन पर आवासीय कॉलोनियां, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और बहुमंजिला इमारतें विकसित हो गई हैं। इन क्षेत्रों का स्वरूप तेजी से शहरी इलाकों जैसा होता जा रहा है।
ऐसे में बढ़ती आबादी के लिए सड़क, नाली, सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी सुविधाओं की जरूरत भी बढ़ रही है। नगर निगम में शामिल होने के बाद इन क्षेत्रों में शहरी निकाय के जरिए सुनियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुल सकता है।
यह भी पढ़ें :Rajnandgaon Road Projects : 3 बड़ी सड़क परियोजनाओं की तैयारी तेज, 14 गांवों में जमीन की खरीदी-बिक्री पर रोक
शहर बढ़ा, सीमा पीछे
राजधानी के आसपास शहरीकरण की रफ्तार और नगर निगम की मौजूदा सीमा के बीच अंतर लगातार बढ़ रहा है। कई ऐसे इलाके हैं, जहां आवासीय और व्यावसायिक निर्माण तेजी से हुए हैं, लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था अब भी ग्रामीण है। इसी अंतर को देखते हुए 20 गांवों को निगम सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। हालांकि, प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। जनगणना के कारण फिलहाल सीमाओं में बदलाव पर रोक होने से इस प्रक्रिया में और इंतजार करना पड़ सकता है।
इन 20 गांवों के नाम
नगर निगम की सीमा में शामिल करने के लिए जिन गांवों का प्रस्ताव भेजा गया है, उनमें काठाडीह, कांदुल, दतरेंगा, सेजबहार, बोरियाकला, धरमपुरा, टेमरी, छेड़ीखेड़ी, तुलसी बाराडेरा, पिरदा, सकरी, भनपुरी, बरौंदा, गुमा, हथबंद, तेंदुआ, परसुलीडीह, सेमरिया, डोमा और मुजगहन शामिल हैं। इन गांवों के नगर निगम में शामिल होने (20 Villages in Raipur) का फैसला शासन स्तर पर प्रस्ताव पर विचार और जनगणना के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पांच साल पुराने प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय का इंतजार है।



