सीजी भास्कर, राजनांदगांव, 29 नवंबर 2026। राजनांदगांव शहर में यातायात का दबाव कम करने के लिए तीन बड़ी सड़क परियोजनाओं (Rajnandgaon Road Projects) की तैयारी तेज हो गई है। मनकी से पेंड्री तक नया बायपास बनाया जाएगा, वहीं राम दरबार से लखोली और मठपारा से राजनांदगांव बायपास तक की सड़कों को फोरलेन करने की योजना है। इन परियोजनाओं के लिए भूमि संबंधी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित मार्गों से जुड़े 14 गांवों में जमीन की खरीदी-बिक्री, बंटवारे और व्यपवर्तन पर रोक लगा दी गई है।
450 मकानों पर असर
तीनों परियोजनाओं में सबसे अहम मनकी से पेंड्री तक प्रस्तावित बायपास है। इसका संरेखण तय करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रारंभिक आकलन में प्रस्तावित मार्ग से करीब 400 से 450 आवासीय मकानों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग ऐसा विकल्प तलाश रहा है, जिससे बायपास का निर्माण हो सके और कम से कम मकानों को हटाना पड़े। विभाग की कोशिश है कि सड़क निर्माण के कारण कम से कम परिवारों को विस्थापन का सामना करना पड़े। इसके लिए मार्ग के संभावित विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें :Chhattisgarh Matri Poshan Campaign : 30 नवंबर से मातृ पोषण जनसंचार अभियान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी होंगी सम्मानित
14 गांवों में प्रतिबंध
कलेक्टर जितेंद्र यादव के अनुसार, बायपास और शहर की दो अन्य सड़कों को फोरलेन बनाने के लिए भूमि संबंधी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई गई हैं। बायपास परियोजना के लिए पहले मनकी, सुंदरा, पार्रीनाला, गठुला, ढाबा और पेंड्री में जमीनों के अंतरण, बंटवारे, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री पर रोक लगाई गई थी। अब बरगाही, अचानकपुर भाठागांव, धरमापुर, भेड़ीकला, बोरी, लिटिया, तोरनकट्टा और बजरंगपुर नवागांव को भी प्रतिबंध के दायरे में शामिल किया गया है। इस तरह बायपास से जुड़े कुल 14 गांवों में जमीन संबंधी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।
दो सड़कें होंगी फोरलेन
बायपास के अलावा शहर की दो प्रमुख सड़कों को भी फोरलेन बनाने की तैयारी है। पहली परियोजना के तहत राम दरबार यानी जीई रोड रायपुर नाका से लखोली तक करीब 2 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण कर फोरलेन बनाया जाएगा। दूसरी परियोजना में मठपारा से राजनांदगांव बायपास तक करीब 2.50 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं के लिए ग्राम लखोली और नंदई की संबंधित जमीनों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
अधिग्रहण की तैयारी
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने 25 नवंबर को कलेक्टर को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद भूमि अधिग्रहण और जरूरी अधिसूचना जारी होने तक संबंधित क्षेत्रों में जमीनों के क्रय-विक्रय सहित अन्य राजस्व गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। अब तकनीकी और भूमि संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगे की प्रक्रिया बढ़ाई जाएगी। बायपास के संरेखण को अंतिम रूप देने और प्रभावित मकानों की संख्या कम रखने की चुनौती भी विभाग के सामने है।



