सीजी भास्कर, दुर्ग, 29 नवंबर 2026। दुर्ग जिले में चलती ट्रेन में मोबाइल लूटने की कोशिश (Durg Train Mobile Loot Murder) के दौरान एक युवक की जान चली गई। रेलवे ट्रैक के पास खड़े दो नाबालिगों ने इंटरसिटी एक्सप्रेस के गेट पर बैठे युवक से मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान युवक ट्रेन से नीचे रेलवे पटरी पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे खुर्सीपार थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर के पास हुई। पुलिस ने जांच के बाद दोनों नाबालिगों की पहचान कर उन्हें पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
यह भी पढ़ें : Raipur Ramakrishna Temple Golden Jubilee : 6-7 दिसंबर को सजेगा स्वर्ण जयंती समारोह, देशभर से आएंगे 100 संन्यासी और 500 भक्त
दोस्तों के साथ सफर
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी मोहम्मद फैजान उर्फ सोनू के रूप में हुई है। वह अपने दो दोस्तों के साथ इंटरसिटी एक्सप्रेस से रायपुर जा रहा था। सोनू और उसका एक दोस्त ट्रेन के डिब्बे के गेट पर बैठे थे, जबकि उनका दूसरा साथी बर्थ पर सो रहा था। ट्रेन जब शिवाजी नगर के पास रेलवे ट्रैक से गुजर रही थी, तभी दोनों नाबालिग गेट के पास सोनू के नजदीक पहुंचे। उस समय ट्रेन की रफ्तार करीब 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। सोनू और उसका दोस्त मोबाइल चला रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने सोनू का मोबाइल छीनने की कोशिश की।
विरोध पर डंडों से हमला
मोबाइल छीनने का विरोध करने पर दोनों नाबालिगों ने सोनू पर डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान वह ट्रेन से नीचे रेलवे पटरी पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिगों के खिलाफ पहले भी अपराध दर्ज हैं। वे मारपीट, लूट और चोरी जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई के बाद शनिवार को दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया।
यात्रियों से अपील
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान खिड़की या दरवाजे के पास बाहर की ओर न रखें। रेलवे ट्रैक के आसपास किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे पुलिस या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।



