सीजी भास्कर 3 सितम्बर
बिहार की राजधानी पटना के लोगों और पर्यटकों के लिए बड़ी सौगात मिली है। अब यहां भी मुंबई की तर्ज पर ओपन डबल डेकर बस सेवा की शुरुआत हो गई है। इस खास बस से गंगा किनारे की खूबसूरत सैर की जा सकेगी।
मंगलवार (2 सितंबर) को बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) की ओर से इस बस सेवा की शुरुआत की गई। पर्यटन मंत्री राजू सिंह ने जेपी गंगा पथ पर इसका शुभारंभ किया।कैसी है ये डबल डेकर बस?
यह बस 40 सीटों वाली है, जिसमें 20 सीटें ऊपरी खुले तल पर और 20 सीटें नीचे एयर-कंडीशंड तल पर हैं। बस को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें टॉयलेट, रेफ्रिजरेटर और एक गाइड भी मौजूद रहेगा, जो सफर के दौरान ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की जानकारी देगा।किन स्थलों की कराएगी सैर?
पर्यटक इस डबल डेकर बस से दीघा पर्यटन घाट से कंगन घाट तक करीब 15 किलोमीटर का सफर तय कर सकेंगे।शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाली यह बस गंगा पथ गोलम्बर, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, गांधी घाट, महात्मा गांधी सेतु, चित्रगुप्त मंदिर और कंगन घाट जैसे ऐतिहासिक स्थलों का दीदार कराएगी।
कितना होगा किराया?
बस का किराया बेहद किफायती रखा गया है। दोनों ओर की यात्रा का किराया प्रति व्यक्ति 100 रुपए और एक ओर का किराया 50 रुपए निर्धारित किया गया है।
अधिकारी बताते हैं कि फिलहाल एक बस का संचालन होगा। यदि लोगों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला तो बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। यह बस 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन मंत्री राजू सिंह ने कहा कि इस बस सेवा से लोगों को गंगा दर्शन का बेहतरीन अनुभव मिलेगा। वहीं, BSTDC के प्रबंध निदेशक नंद किशोर ने बताया कि यह पहल बिहार में पर्यटन को नई दिशा देगी।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अभियंता सुनील कुमार सुमन, परिवहन प्रबंधक रत्नेश कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।




