Durg Water Supply Update : दुर्ग शहर के नागरिकों के लिए आज पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। बिजली विभाग ने 33 केवी शिवनाथ इंटकवेल फीडर में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए एक घंटे के इमरजेंसी शटडाउन का निर्णय लिया है। विभाग के अनुसार, एबी स्विच के ‘रेड हॉट’ (अत्यधिक गर्म) होने के कारण बड़ी दुर्घटना की आशंका थी, जिसे रोकने के लिए सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक मरम्मत कार्य किया जा रहा है।
जल शोधन संयंत्रों (Filter Plants) पर पड़ा असर
बिजली गुल होने का सीधा प्रभाव शहर की जल उत्पादन प्रक्रिया पर पड़ा है। नगर निगम दुर्ग के अनुसार, बिजली बंद रहने से निम्नलिखित मुख्य फिल्टर प्लांट प्रभावित होंगे:
- 42 एमएलडी (MLD) प्लांट
- 24 एमएलडी (MLD) प्लांट
- 11 एमएलडी (MLD) प्लांट
इन संयंत्रों में पंपिंग रुकने की वजह से टंकियों की फीलिंग और शोधन प्रक्रिया बाधित हुई है, जिसका असर शहर के बड़े हिस्से की सप्लाई चेन पर पड़ेगा।
दोपहर और शाम को कम दबाव से मिलेगा पानी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि एक घंटे के इस शटडाउन की वजह से दोपहर और शाम की जल आपूर्ति प्रभावित होगी। शहर के कई वार्डों में पानी या तो देरी से पहुंचेगा या फिर नलों में लो-प्रेशर (कम दबाव) की समस्या रहेगी। यदि मेंटेनेंस कार्य में तकनीकी जटिलता के कारण समय बढ़ता है, तो शटडाउन की अवधि और अधिक लंबी हो सकती है।
नागरिकों के लिए नगर निगम की अपील
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि:
- उपलब्ध पानी का उपयोग अत्यंत मितव्ययिता और सावधानी से करें।
- जरूरत के अनुसार पानी का पहले से संग्रहण कर लें।
- मेंटेनेंस के बाद सप्लाई बहाल होने में कुछ समय लग सकता है, अतः धैर्य बनाए रखें।


