सीजी भास्कर, 28 जुलाई : कवर्धा जिले की पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने सावन माह में धार्मिक आस्था, संकल्प और नारी शक्ति की मिसाल पेश करते हुए मां नर्मदा मंदिर, अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक 151 किमी कांवड़ यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की। यह यात्रा 21 जुलाई से शुरू हुई थी, जो रविवार को भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के साथ सम्पन्न हुई।
इस यात्रा में भावना बोहरा के नेतृत्व में 300 से अधिक कांवड़ियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मोबाइल पर बोहरा और कांवड़ यात्रियों को शुभकामना दीं और उनके साहस, श्रद्धा व जनसेवा के भाव की सराहना की। यात्रा के अंतिम दिन बोहरा और कांवड़ियों ने सुबह सात बजे बोड़ला से यात्रा प्रारंभ की और दोपहर 12 बजे भोरमदेव मंदिर पहुंची। भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए एक आत्मिक अनुभव रही, जो उन्हें सदैव प्रेरणा देती रहेगी।
यह केवल शारीरिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मिक यात्रा भी रही। इन अनुभवों को हमेशा आचरण में निहित रखूंगी और हर जरूरतमंद व्यक्ति की सेवा और सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपरा के प्रसार हेतु दायित्वों को पूरा करती रहूंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री साय और विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह सहित सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार प्रकट किया।