सीजी भास्कर, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी शुक्रवार को सीधे खेतों में पहुंचे और किसानों की मौजूदगी में फसल का भौतिक सत्यापन (Balodabazar Crop Verification) किया। उन्होंने ग्राम कोकड़ी में फिजिकल वेरिफिकेशन एप के माध्यम से खेतों में लगे धान फसल की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया और किसानों से उनकी फसल, पंजीयन व दावा-आपत्ति प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने किसानों से बातचीत करते हुए कहा कि शासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर किसान को उसके वास्तविक रकबे और उत्पादन के अनुसार लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि फसल सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी।
महामाया धान की पैदावार शानदार
फिजिकल वेरिफिकेशन के दौरान उपस्थित किसानों ने बताया कि इस वर्ष उन्होंने महामाया धान की किस्म लगाई है। फसल की पैदावार बेहद अच्छी है और कुछ दिनों में कटाई का काम शुरू कर दिया जाएगा। किसानों ने बताया कि उनका एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन सुचारू रूप से पूर्ण हो गया है और किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आई। कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाएगी, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा है (Balodabazar Crop Verification)।
कृषक संतोष राउतराय के खेत से ली गई शुरुआत
बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम कोकड़ी निवासी किसान संतोष राउतराय के खसरा नंबर 37/1, 37/3 और 37/4 स्थित खेत में धान फसल की भौतिक जांच की गई। बताया गया कि पिछले पांच वर्षों से उक्त भूमि पर कोई फसल नहीं ली जा रही थी, लेकिन इस बार किसान ने महामाया धान की बुवाई कर पुनः खेती शुरू की है। किसान द्वारा ग्राम सभा में अपने खेत में लगी फसल के संबंध में दावा-आपत्ति की थी, जिसकी जांच कलेक्टर ने स्वयं की।
अधिकारियों की मौजूदगी में पूरा हुआ निरीक्षण
सत्यापन के दौरान उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं उमेश गुप्ता, खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा, नायब तहसीलदार अक्षय तिवारी, सहायक भू-अधीक्षक सुरेश देवांगन सहित संबंधित पटवारी और राजस्व अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फसल सत्यापन कार्य को तेज गति से पूर्ण करें, ताकि धान खरीदी में किसी किसान को परेशानी न हो।


