सीजी भास्कर, 18 नवंबर। प्रदेश भर में मृत व्यक्तियों के नाम से वर्षों से चल रहे राशन घोटाले (CG Ration Card Scam) का बड़ा खुलासा हुआ है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए एक लाख मृत व्यक्तियों के नाम राशन कार्ड से हटा दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इन मृत सदस्यों के नाम से हर महीने उचित मूल्य की दुकानों से लगातार राशन उठाया जा रहा था।
मामला तब सामने आया जब राज्य में 33 लाख सदस्यों का ई-केवाईसी कई बार समय सीमा बढ़ाने के बावजूद पूरा नहीं हुआ। इसके बाद संदिग्ध सदस्यों की सूची तैयार कर भौतिक सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान पाया गया कि बड़ी संख्या में परिवार अपने मृत परिजनों के नाम से राशन उठा रहे थे।
विभाग ने अब ऐसे सभी परिवारों को नोटिस जारी करने की तैयारी कर ली है। जिन लोगों ने जितने समय तक मृत व्यक्ति के नाम से राशन लिया है, उनसे रिकवरी (Ration Misuse Action) की जाएगी। साथ ही हजारों संदिग्ध सदस्यों की और भी जांच जारी है और इनके नाम भी सूची से हटाए जाएंगे।
20 हजार सदस्यों के नाम कटे
भौतिक सत्यापन के बाद केवल रायपुर जिले में अब तक 19,683 मृत सदस्य चिन्हित हुए हैं। इनके नाम राशन कार्ड की सूची से तुरंत हटाए जा चुके हैं। अन्य जिलों में भी सूची लगातार अपडेट हो रही है और मृत, बाहर चले गए या फर्जी सदस्यों के नाम हटाए जा रहे हैं।
(CG Ration Card Scam) इनका भी राशन बंद होगा
विभाग संदिग्ध सभी सदस्यों को ऑनलाइन पोर्टल में ब्लॉक करने की तैयारी कर रहा है। पोर्टल में नाम ब्लॉक होते ही उचित मूल्य दुकान से राशन मिलना स्वतः बंद हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार दिसंबर या जनवरी तक इस पर बड़ी कार्रवाई की जा सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मृत व्यक्तियों के नाम से राशन उठाने वाले परिवार पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि हर लाभ वास्तविक पात्र तक पहुंचे और सार्वजनिक वितरण प्रणाली पारदर्शी बनी रहे।


