सीजी भास्कर , 18 अप्रैल
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या कर दी। युवक को शक था कि उसकी प्रेमिका का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है। इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया और बाद में खुद ही पुलिस को इसकी जानकारी दी।
मृतका की पहचान 26 वर्षीय यूनेश्वरी वर्मा के रूप में हुई है, जो खैरागढ़ जिले की रहने वाली थी और दुर्ग में पढ़ाई कर रही थी। आरोपी कार्तिक राम साहू बालोद जिले का निवासी है। दोनों की मुलाकात पढ़ाई के दौरान हुई थी और धीरे-धीरे दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई थी।
जानकारी के अनुसार, युवती पुलगांव इलाके में किराए के मकान में रहती थी, जबकि आरोपी भी शहर में ही किराए के कमरे में रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे, लेकिन युवक को युवती के चरित्र पर संदेह था, जिसको लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना के दिन आरोपी युवती को अपने कमरे पर लेकर गया, जहां दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर उसने युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने खुद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को हत्या की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।


