सीजी भास्कर, 03 जुलाई : धमतरी आत्महत्या मामला (Dhamtari Suicide Cases) लगातार गंभीर होता जा रहा है। जिले में तीन दिन पहले एक ही दिन तीन युवकों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद अब दो और लोगों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दे दी। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने जिले में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस दोनों नए मामलों की जांच में जुटी हुई है।
अर्जुनी क्षेत्र में किसान ने जहरीला पदार्थ पीकर दी जान
पहला मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खर्तूली का है। यहां रहने वाले दानीराम साहू ने अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि दानीराम साहू कृषि कार्य से जुड़े हुए थे। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
कुरूद क्षेत्र में युवक ने भी उठाया आत्मघाती कदम
दूसरी घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधौरी खुर्द की है। यहां रहने वाले पूनेंद्र यादव ने भी अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाओं के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
तीन दिन पहले एक ही दिन हुई थीं तीन आत्महत्याएं
गौरतलब है कि 30 जून को धमतरी जिले में एक ही दिन तीन अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों ने आत्महत्या कर ली थी। इनमें कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड निवासी संजू साहू, अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा गांव निवासी गोपाल यादव तथा संबलपुर ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। इन घटनाओं की जांच भी अभी जारी है।
लगातार तीन दिनों के भीतर पांच लोगों की आत्महत्या की घटनाओं ने जिले में मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक परिस्थितियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



