सीजी भास्कर, 23 जुलाई| Elephant Attack Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के अंतर्गत धरमजयगढ़ वनमंडल के लैलूंगा वन परिक्षेत्र में हथिनी की हमले में तीन की जान चली गई। मृतकों में एक मासूम बालक, एक महिला और एक ग्रामीण शामिल है। घटना मंगलवार रात की है।
गोसाईडीह गांव के रहवासियों के अनुसार एक हथिनी गांव में घुसी और कच्चे मकान पर हमला कर दिया। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों में भय का माहौल निर्मित हो गया और जान बचाने के लिए अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। इसी दौरान हथिनी ने ग्रामीणों पर हमला किया। उसने तीन साल के बालक सत्यम रावत को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद हथिनी ने पास ही में मोहनपुर गांव में संतरा बाई को सूंड से उठाया और पटक-पटककर मार डाला। हथिनी ने इसी गांव में पुरुषोत्तम प्रधान के मकान पर हमला किया। मकान का दीवार गिरने से मलबे की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
3 माह में 6 की मौत
बात अगर सिर्फ लैलूंगा सब डिवीजन की करें तो करीब 3 माह में 6 लोगों की मौत हाथी के हमले से हुई है। जिसमें 3 महिला, 2 ग्रामीण और एक बच्चा शामिल है। इस संबंध में लैलूंगा एसडीओ एमएल सिदार ने बताया कि हाथी के हमले से अंगेकेला और मोहनपुर में 3 लोगों की मौत हुई है।
5 घर को भी हाथी ने तोड़ा है। रात में सूचना मिलने पर टीम पहुंची थी और शाम को हाथी प्रभावित क्षेत्र में मुनादी कराई गई थी। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने कहा गया था। फिलहाल मृतकों के परिजनों को 25 -25 हजार तात्कालिक राशि दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।