सीजी भास्कर, 06 मार्च। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से होली के नाम पर शर्मनाक वारदात सामने (Kondagaon Gangrape Case) आई है। यहां गुलाल लगाने के बहाने घर में घुसे चार युवकों ने एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना केशकाल के ईरागांव थाना क्षेत्र की है। होली के दूसरे दिन 5 मार्च को गांव के चार युवक 19 वर्षीय युवती के घर (Kondagaon Gangrape Case) पहुंचे। उस समय युवती घर में अकेली थी। आरोपियों ने मौके का फायदा उठाते हुए युवती का मुंह दबाकर उसे कमरे में ले गए और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने युवती को धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
शाम को जब युवती के परिजन घर पहुंचे तो पीड़िता ने उनके सामने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर सीधे थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और चारों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग और दो बालिग शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे गांव में आक्रोश (Kondagaon Gangrape Case) का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





