सीजी भास्कर, 27 मई। लखनऊ के पीजीआई इलाके में बुधवार दोपहर उस समय अफरा तफरी (Lucknow Shooting) मच गई जब बीच सड़क पर एक प्रॉपर्टी कारोबारी को गोलियों से भून दिया गया। अचानक हुई फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग सहम गए और इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए। कुछ ही सेकंड में हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद सड़क पर खून से लथपथ हालत में कारोबारी को देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब हमलावरों की तलाश कर रही है।
बाइक से उतरा और बरसाने लगा गोलियां : Lucknow Shooting
यह घटना पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बदमाश बाइक से पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बाइक से उतरकर सीधे प्रॉपर्टी कारोबारी की तरफ जाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसने बेहद करीब से लगातार फायरिंग की। बताया जा रहा है कि कारोबारी संदीप सिंह के सिर के पास तीन गोलियां लगी हैं।
दफ्तर पहुंचते ही हुआ हमला
जौनपुर निवासी संदीप सिंह फिलहाल पीजीआई इलाके में किराये के मकान में रहकर रियल एस्टेट का काम कर रहे थे। कल्ली पश्चिम इलाके में उनका दफ्तर भी है। बुधवार दोपहर वह अपने कर्मचारी के साथ कार से दफ्तर पहुंचे थे। कार से उतरने के बाद वह फोन पर बात करते हुए दफ्तर की तरफ बढ़ रहे थे, तभी हमलावर वहां पहुंच गया और फायरिंग कर दी।
अस्पताल में जिंदगी की जंग
घटना के बाद घायल संदीप सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई (Lucknow Shooting) जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमें बनाई हैं। शुरुआती जांच में निजी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और तलाश की जा रही है।




