सीजी भास्कर, 30 जून। राजधानी रायपुर से लगे माना क्षेत्र के ग्राम नकटी में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बेदखली अभियान शुरू कर दिया है। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई में जुटी है। (Mana Area Demolition)
प्रशासन के अनुसार ग्राम नकटी के वार्ड क्रमांक 16 और 17 में सरकारी भूमि पर बने 48 मकानों को अवैध कब्जा मानते हुए पहले ही बेदखली नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद अब इन मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं कार्रवाई का ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे वर्षों से इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं और कई मकानों का निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें बेदखल (Mana Area Demolition) करने से पहले उनके पुनर्वास की उचित व्यवस्था नहीं की गई।
ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मौके पर राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई कानून के दायरे में की जा रही है, जबकि ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन पर अड़े हुए हैं। पूरे इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।



