सीजी भास्कर, 02 नवंबर। कर्ज चुकाने के दबाव में दो युवकों ने एक राहगीर को घर छोड़ने का झांसा देकर उसके मोबाइल से 45 हजार रुपये पार (Online Fraud) कर दिए। स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी गई पूरी रकम, वारदात में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन और एक एक्टिवा वाहन बरामद किया है।

घर छोड़ने के बहाने हासिल किया पासवर्ड Online Fraud
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कातुलबोर्ड निवासी सरताज अंसारी ने 1 नवंबर को स्मृतिनगर चौकी में उपस्थित होकर ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई (Online Fraud) थी। प्रार्थी ने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच बटालियन भट्ठी क्षेत्र में दो युवकों ने उसे घर छोड़ने की बात कही और इसी दौरान उसका मोबाइल फोन ले लिया। बातचीत में उलझाकर आरोपियों ने फोन-पे का पासवर्ड हासिल कर लिया और प्रार्थी के बैंक खाते से 45 हजार रुपये अपने एक परिचित के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
कर्ज चुकाने के लिए रची थी साजिश
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच (Online Fraud) शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो संदेहियों राजेन्द्र पटेल उर्फ राहुल (26 वर्ष) निवासी हरि नगर कातुलबोर्ड दुर्ग और नितेश राजपूत उर्फ चिंटू (27 वर्ष) निवासी साकेत कॉलोनी मोहन नगर दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी नितेश राजपूत ने बताया कि उस पर करीब 50 हजार रुपये का पुराना कर्ज था। त्यौहार के समय लेनदार रकम वापस मांग रहे थे। पैसे की व्यवस्था न होने पर उसने अपने साथी राजेन्द्र के साथ मिलकर राहगीर से ऑनलाइन ठगी की योजना बनाई थी।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
स्मृतिनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 45 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त 3 मोबाइल और एक्टिवा वाहन बरामद किया है।


