बिलासपुर स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय का सातवां दीक्षांत समारोह मंगलवार को आयोजित होगा। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल शामिल नहीं होंगे। मुख्यमंत्री के अनुपस्थित रहने के कारण उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्यपाल रमेन डेका समारोह की अध्यक्षता करेंगे और मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे।
समारोह में अलग-अलग शैक्षणिक सत्रों के कुल 24,800 सफल विद्यार्थियों को उपाधि और प्रमाणपत्र देने की घोषणा की जाएगी। इसके अलावा शिक्षा, प्रबंधन और भूगोल विषय के पांच शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।
पहली बार दिए जाएंगे वनवासी गौरव और संस्कृति रत्न सम्मान
इस दीक्षांत समारोह में पहली बार सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को पंडित सुंदरलाल शर्मा वनवासी गौरव सम्मान और संस्कृति रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट और परीक्षा रिकॉर्ड को डिजिटल करने के लिए तैयार पोर्टल की शुरुआत भी होगी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘अभ्युदय’ का भी विमोचन किया जाएगा।
दिल्ली में मुख्यमंत्री, स्पेन दौरे पर केंद्रीय राज्य मंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नई दिल्ली में हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में शामिल होने दिल्ली गए हैं। मंगलवार सुबह उनकी वापसी प्रस्तावित थी, लेकिन इसमें देरी की संभावना है। इसी वजह से उनके बिलासपुर प्रवास और दीक्षांत समारोह के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू 2 से 6 नवंबर तक स्पेन के दौरे पर हैं। बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल भी शहर से बाहर हैं। मंगलवार को रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्योत्सव समापन समारोह में शामिल होने के कार्यक्रम को भी मुख्यमंत्री के बिलासपुर दौरे में बदलाव की एक वजह माना जा रहा है।
कई जनप्रतिनिधि और शिक्षाविद होंगे शामिल
समारोह में विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया, गोमती साय और लता उसेंडी मौजूद रहेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और महापौर पूजा विधानी भी कार्यक्रम में शामिल होंगी।
राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक), नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव दीक्षांत अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. कैलाश चन्द्र शर्मा दीक्षांत वक्ता होंगे।
समारोह के लिए किया गया रिहर्सल
मंगलवार सुबह 11 बजे से होने वाले समारोह की तैयारियां सोमवार को पूरे दिन चलती रहीं। इस दौरान अतिथियों के आगमन, स्वागत, शोभायात्रा, उपाधि वितरण, स्वर्ण पदक प्रदान करने और मंचीय कार्यक्रमों का अभ्यास किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।



