कोरिया जिले के ग्राम टेंगनी में रेलवे द्वारा रेल लाइन पर बने अस्थायी रास्ते को बंद किए जाने के बाद करीब 10 गांवों के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीण लंबे समय से यहां अंडरब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन निर्माण होने से पहले ही रेलवे ने इस रास्ते से आवागमन रोक दिया है। (Koriya Railway Underbridge Protest)
इसके विरोध में ग्रामीण 13 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। रास्ता बंद होने से टेंगनी, खुटनपारा, टेमरी, सांवारांवा, करहियाखांड और नानभान सहित आसपास के गांवों के लोगों को परेशानी हो रही है। देवगढ़ स्थित धार्मिक स्थल तक पहुंचना भी प्रभावित हुआ है।
बुधवार को कांग्रेस के पटना मंडल अध्यक्ष परेश सिंह कार्यकर्ताओं के साथ धरना स्थल पहुंचे और ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले भी अंडरब्रिज निर्माण को लेकर सांसद ज्योत्सना महंत को ज्ञापन सौंपा था। फिलहाल ग्रामीणों की मांग पर रेलवे की ओर से कोई फैसला सामने नहीं आया है। ग्रामीण अंडरब्रिज निर्माण और प्राचीन देवालय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।



