सीजी भास्कर 4 सितंबर
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने हाल ही में GST दरों में बड़े बदलाव का ऐलान किया है। 22 सितंबर से लागू होने वाले इन नए नियमों के तहत अब केवल 5% और 18% के दो ही स्लैब रहेंगे। 12% और 28% की दरें पूरी तरह समाप्त कर दी गई हैं। सरकार का दावा है कि इससे आम जनता को राहत मिलेगी।
लेकिन इन बदलावों के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुराने ट्वीट एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। राहुल गांधी ने खुद सोशल मीडिया पर अपने 8 और 9 साल पुराने ट्वीट साझा कर बीजेपी पर निशाना साधा।राहुल गांधी का पुराना बयान फिर ट्रेंड में
राहुल गांधी ने 2017 का एक ट्वीट रिपोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा था—
"भारत को गब्बर सिंह टैक्स नहीं, बल्कि सरल GST चाहिए। कांग्रेस और देश की जनता ने मिलकर कई वस्तुओं पर 28% टैक्स हटवाया है। हमारा संघर्ष 18% कैप और एक रेट के लिए जारी रहेगा। अगर बीजेपी ये काम नहीं करेगी तो कांग्रेस करके दिखाएगी।"इसी तरह 2016 के एक ट्वीट में उन्होंने कहा था कि GST दरों पर 18% की सीमा लगाना सभी के हित में है।
कांग्रेस का बीजेपी पर वार
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस शुरू से ही GST 2.0 की वकालत करती रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पीएम मोदी 15 अगस्त को ही जीएसटी दरों में कमी की बात कर चुके थे, तो फिर जीएसटी परिषद की बैठक अब सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है?
उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 में कांग्रेस ने चेतावनी दी थी कि बीजेपी का फैसला गलत साबित होगा। जिस टैक्स को "गुड एंड सिंपल टैक्स" कहा गया था, वह असल में "ग्रोथ सप्रेसिंग टैक्स" साबित हुआ।अब जनता को मिलेगी राहत
सरकार का मानना है कि नए GST स्ट्रक्चर से टैक्स सिस्टम सरल होगा और उपभोक्ताओं पर बोझ घटेगा। वहीं, कांग्रेस इसे अपनी लंबे समय से चल रही मांग की जीत बता रही है।



