सीजी भास्कर, 20 सितंबर। (Rajnath Singh Morocco Visit) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 22 और 23 सितंबर को मोरक्को की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे। खास बात यह है कि यह पहला मौका होगा जब कोई भारतीय रक्षा मंत्री इस अफ्रीकी देश का दौरा करेगा। इस विजिट को भारत-मोरक्को रक्षा और औद्योगिक सहयोग के लिहाज से ऐतिहासिक माना जा रहा है।
अफ्रीका में भारत की पहली डिफेंस प्रोडक्शन यूनिट
इस यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण बेररेशिद शहर में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स की नई फैक्ट्री का उद्घाटन होगा। यह अफ्रीका में भारत की पहली रक्षा उत्पादन इकाई (defense production unit) होगी। यहाँ भारत का विकसित किया गया व्हील्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म (Wheeled Armored Platform – WhAP 8×8) बनाया जाएगा। 22 सितंबर को कैसाब्लांका शहर में इस अत्याधुनिक फैक्ट्री का शुभारंभ होगा।
इस फैक्ट्री के साथ भारत पहली बार विदेशी धरती पर ग्रीनफील्ड डिफेंस यूनिट स्थापित करेगा। यह कदम न केवल भारत की तकनीकी ताकत को सामने लाएगा। बल्कि अफ्रीकी महाद्वीप में भारत की औद्योगिक मौजूदगी को भी मजबूत करेगा।
हाई लेवल मीटिंग और रक्षा सहयोग
दौरे के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मोरक्को के रक्षा मंत्री प्रतिनिधि अब्देलतिफ लौदियी से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को नई दिशा देने और जॉइंट प्रोजेक्ट्स पर चर्चा करने की उम्मीद है। इसके अलावा, वे मोरक्को के उद्योग मंत्री रियाद मेज्जौर से भी मुलाकात करेंगे।
राजधानी रबात में भारतीय समुदाय को संबोधित करना भी राजनाथ सिंह के कार्यक्रम में शामिल है। यह भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संबंधों को और मजबूत करने का अवसर होगा।
MoU से रिश्तों को नई मजबूती
इस यात्रा के दौरान भारत और मोरक्को के बीच रक्षा सहयोग समझौता (MoU) पर हस्ताक्षर की संभावना है। इस समझौते से ट्रेनिंग, रक्षा उद्योग और आपसी सहयोग को नई ऊर्जा मिलेगी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से भारतीय नौसेना के जहाज मोरक्को के कैसाब्लांका बंदरगाह पर लगातार आते रहे हैं। अब यह दौरा दोनों देशों के बीच संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने में मदद करेगा।
कूटनीति और उद्योग का संगम
2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मोरक्को के सम्राट मोहम्मद षष्ठम की मुलाकात ने दोनों देशों के रिश्तों की नींव मजबूत की थी। अब रक्षा मंत्री दौरा उन रिश्तों को और गहराई देने के साथ भारत के डिफेंस इंडस्ट्री की ग्लोबल एंट्री को भी चिह्नित करेगा।