सीजी भास्कर, 13 अप्रैल। मुंबई इंडियंस के लिए हर मैच कुछ न कुछ बुरी खबर लेकर आ रहा है. पूरे 13 साल बाद आईपीएल 2026 में सीजन का पहला मैच जीतकर टीम ने शुरुआत तो दमदार की लेकिन उसके बाद से ही सिर्फ हार नसीब हो रही है. मगर सिर्फ हार ही नहीं, अब तो टीम को अपने पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा की फिटनेस ने भी मुश्किल में डाल दिया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में चोटिल हुए रोहित के अगले मैच में खेलने को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है और इसी सस्पेंस को दूर करने के लिए उन्हें हॉस्पिटल जाना होगा. (Rohit Sharma Injury)
रविवार 12 अप्रैल को वानखेडे स्टेडियम में बेंगलुरु के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी के दौरान रोहित शर्मा को चोट लगी थी. पांचवें ओवर में क्रुणाल पंड्या की गेंद पर एक रन लेने के बाद रोहित शर्मा के पैर में कुछ तकलीफ होने लगी थी. फिर छठे ओवर में दोबारा वो परेशान नजर आए.
ऐसे में मुंबई इंडियंस के फीजियो ने आकर उनकी जांच की, जिसके बाद उन्होंने ‘रिटायर हर्ट’ होकर पवेलियन लौटने का फैसला किया. (Rohit Sharma Injury)
रोहित इसके बाद दोबारा बैटिंग के लिए नहीं उतरे.मैच के बाद मुंबई इंडियंस की ओर से तो रोहित की फिटनेस पर कोई अपडेट नहीं दिया गया लेकिन खुलासा हुआ है कि उन्हें हैमस्ट्रिंग में परेशानी हुई थी, जिसके चलते वो बैटिंग नहीं कर पाए.
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित को अब हॉस्पिटल जाकर अपनी हैमस्ट्रिंग का स्कैन करवाना होगा, जिसमें ये पता चलेगा कि उनकी ये चोट कितनी गंभीर है. (Rohit Sharma Injury)
इसके नतीजे के आधार पर ही उनके अगले मैच में खेलने पर फैसला होगा. मुंबई को अपना अगला मैच 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलना है. ये मुकाबला भी वानखेडे स्टेडियम में ही खेला जाएगा.
रिटायर होने से पहले रोहित शर्मा अच्छी लय में दिख रहे थे और उन्होंने 13 गेंदों में 19 रन बना लिए थे. (Rohit Sharma Injury)
इस पूरे सीजन की बात करें तो उन्होंने पहले ही मैच में 83 रन की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी. मगर इसके बाद अगले 2 मुकाबलों में वो इस प्रदर्शन को नहीं दोहरा सके थे. उनके बल्ले से अभी तक 4 पारियों में 137 रन निकले हैं, जिसमें 1 अर्धशतक शामिल है.


