सीजी भास्कर 22 अप्रैल
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना के बाद आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
पुलिस के अनुसार आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर के अंदर महिला का शव गंभीर हालत में मिला, जिसके सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच में हत्या को बेहद क्रूर बताया जा रहा है।
लकड़ी के पटिया से किया हमला
मृतका की पहचान 65 वर्षीय महिला के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका 42 वर्षीय बेटा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने लकड़ी के पटिया से अपनी मां पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी सीधे थाने पहुंच गया और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, कारणों की तलाश जारी
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। हत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है। साथ ही घटना के समय घर में मौजूद लोगों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।


