विक्की कश्यप – Takhatpur News : तखतपुर क्षेत्र के बरेला स्थित मनिहारी पुल के नीचे गुरुवार दोपहर एक बुजुर्ग का शव बरामद किया गया है। राहगीरों ने जब पुल के पास एक व्यक्ति को बेसुध हालत में पड़ा देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची भीड़ ने जब करीब से देखा तो पता चला कि बुजुर्ग की सांसें थम चुकी थीं।
मृतक की हुई पहचान
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। मृतक की पहचान 70 वर्षीय नारायण धुरी के रूप में की गई है, जो आवास बरेला के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मृतक के परिजन भी बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
मौत की वजह अब भी रहस्य
बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों को लेकर संशय बरकरार है। ग्रामीण इस मामले को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं व्यक्त कर रहे हैं।
पुलिस जांच का इंतजार
समाचार लिखे जाने तक पुलिस टीम का घटनास्थल पर पहुंचना बाकी था। पुलिस के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह सामान्य मौत है या इसके पीछे कोई अन्य कारण। फिलहाल परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पुलिसिया कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।


