सीजी भास्कर, 14 मई। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोशल मीडिया रील बनाने का शौक एक 25 वर्षीय युवक की जान ले बैठा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र स्थित अहिरन नदी में छलांग लगाने के बाद युवक करीब 3 मिनट तक पानी में हाथ-पैर मारता रहा, लेकिन किनारे खड़े दोस्त इसे मजाक और मस्ती समझते रहे। इस दौरान वे युवक को बचाने की बजाय उसका वीडियो बनाते रहे। (A young man drowned in the river while making a reel)
मृतक की पहचान निखिल सिंह (25) के रूप में हुई है, जो SECL कुसमुंडा में पदस्थ डंपर ऑपरेटर का बेटा था। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर निखिल अपने तीन दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। रील बनाने के लिए उसने ऊंचाई से नदी में छलांग लगाई, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वह डूबने लगा।
घटना का LIVE VIDEO (A young man drowned in the river while making a reel) भी सामने आया है, जिसमें निखिल पानी में लगातार बचने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। जब वह पूरी तरह पानी में समा गया, तब दोस्तों को हादसे का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस व परिजनों को सूचना दी।
मंगलवार से शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन दो दिनों तक चलता रहा। खराब मौसम के कारण बुधवार शाम रेस्क्यू रोकना पड़ा, लेकिन कुछ देर बाद निखिल का शव नदी की सतह पर दिखाई दिया। गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया।



