सीजी भास्कर, 15 मई : राजधानी रायपुर के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। खम्हारडीह-कचना (Kachna Over-Bridge) रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय से प्रतीक्षित रेलवे ओवर-ब्रिज (ROB) अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को निर्माणाधीन स्थल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष 4 प्रतिशत कार्य को युद्धस्तर पर पूर्ण कर इसे जल्द से जल्द जनता के लिए खोल दिया जाए।

पैदल चलकर जांचा तकनीकी मानक
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने खुद ब्रिज (Kachna Over-Bridge) पर पैदल चलकर निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी बारीकियों को देखा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा मानकों से कोई समझौता न किया जाए। श्री साव ने पुल पर अच्छी गुणवत्ता के पोल और आधुनिक लाइट्स लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि फिनिशिंग के तुरंत बाद नाली निर्माण और विद्युत व्यवस्था का काम तत्परता से पूरा किया जाए।
हजारों लोगों का सफर होगा आसान
इस ओवर-ब्रिज के शुरू होने से राजधानी के यातायात की एक बड़ी बाधा दूर हो जाएगी। खम्हारडीह और कचना रेलवे फाटक पर लगने वाले घंटों के जाम से अब रायपुर शहर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों राहगीरों को स्थाई निजात मिलेगी।
फाटक बंद होने के कारण अब तक लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती थी बल्कि वाहनों का ईंधन भी व्यर्थ जलता था। अब बिना किसी रुकावट के सरपट दौड़ते वाहनों से सफर सुगम, सुरक्षित और तेज हो जाएगा। यह बहुप्रतीक्षित पुल क्षेत्र की जीवनरेखा साबित होगा, जो विकास की रफ्तार को नई गति देगा।

अधिकारियों की फौज रही मौजूद Kachna Over-Bridge

अधिकारियों की फौज रही मौजूद Kachna Over-Bridge
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, सेतु संभाग के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे। उप मुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में कहा कि राजधानी के ट्रैफिक को सुव्यवस्थित करना शासन की प्राथमिकता है और कचना ओवर-ब्रिज इसमें एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा।



