सीजी भास्कर, 24 मई : छत्तीसगढ़ में किसानों को सस्ती, टिकाऊ और आधुनिक सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की सौर सुजला योजना (Solar Sujala Yojana) बड़ी राहत बनकर सामने आ रही है। योजना के तहत खेतों में लगाए जा रहे सोलर पंपों से किसानों को अब सिंचाई के लिए निर्बाध पानी मिल रहा है, वहीं बिजली बिल और अतिरिक्त खर्च से भी छुटकारा मिल रहा है। सरकार की यह पहल प्रदेश में ग्रीन एनर्जी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
राज्य शासन की प्राथमिकता स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य से सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन किया जा रहा है, ताकि किसानों की खेती आसान, किफायती और आत्मनिर्भर बन सके।
राजनांदगांव के किसान की बदली तस्वीर
राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मोखला निवासी किसान डोमार साहू के लिए सौर सुजला योजना (Solar Sujala Yojana) किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई है। क्रेडा विभाग द्वारा उनके खेत में सोलर पंप स्थापित किया गया, जिससे अब खेतों में पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो गई है।
करीब पौने तीन एकड़ कृषि भूमि वाले किसान डोमार साहू ने बताया कि पहले सिंचाई सुविधा की कमी के कारण खेती में काफी दिक्कत होती थी। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से दो फसल लेना मुश्किल था। लेकिन सोलर पंप लगने के बाद अब खेती आसान हो गई है और सिंचाई की समस्या पूरी तरह दूर हो चुकी है।
2.73 लाख की सब्सिडी, सिर्फ 15 हजार का अंशदान
किसान डोमार साहू ने बताया कि योजना के तहत उन्हें 2 लाख 73 हजार रुपए की सब्सिडी मिली, जबकि उन्हें केवल 15 हजार रुपए का अंशदान देना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि बिजली कनेक्शन के जरिए सिंचाई की व्यवस्था करते तो 9 से 10 बिजली पोल लगाने पड़ते, जिसमें काफी समय और अतिरिक्त खर्च आता। सोलर पंप लगने के बाद अब उन्हें बिजली बिल भी नहीं देना पड़ता, जिससे खेती की लागत कम हुई है और आर्थिक बचत भी बढ़ी है।
खेती के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी फोकस
राज्य सरकार का कहना है कि सौर ऊर्जा आधारित योजनाएं केवल किसानों की आय बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। सौर सुजला योजना के तहत सीमित समय तक भू-जल उपयोग की व्यवस्था को जल संरक्षण की दृष्टि से भी उपयोगी माना जा रहा है।
सरकार का लक्ष्य किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए खेती को अधिक लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाना है। ग्रामीण इलाकों में सोलर पंपों के बढ़ते उपयोग से डीजल और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता भी कम हो रही है।
किसानों में बढ़ रहा भरोसा Solar Sujala Yojana
किसान डोमार साहू ने योजना से मिले लाभ पर खुशी जताते हुए कहा कि सौर सुजला योजना से खेती आसान, सस्ती और आत्मनिर्भर बनी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।



