सीजी भास्कर, 2 जून। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में बैंक मित्र से दिनदहाड़े 2 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने सुनसान रास्ते पर वारदात को अंजाम देते हुए पहले पीड़ित की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका, फिर बाइक रोककर नकदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। (2 lakh looted from bank friend)
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक से निकलते ही बदमाशों ने किया पीछा : 2 lakh looted from bank friend
पुलिस के अनुसार, बिरोदा निवासी पोषण साहू बैंक मित्र के रूप में काम करता है। सोमवार शाम वह अभनपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से 2 लाख रुपए निकालकर अपने गांव लौट रहा था।
खोरपा और बिरोदा गांव के बीच पहुंचते ही बाइक सवार दो युवकों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, पीछे बैठे बदमाश ने अचानक उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई।
इसी दौरान आरोपियों ने अपनी बाइक सामने लगाकर उसे रोक लिया और नकदी से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी बैंक से ही पोषण साहू पर नजर रखे हुए थे।
जैसे ही वह रकम लेकर निकला, बदमाशों ने पीछा शुरू कर सुनसान रास्ते पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस बैंक परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
इसके अलावा घटना स्थल तक जाने वाले मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
ग्रामीणों से पूछताछ, विशेष टीम गठित : 2 lakh looted from bank friend
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्ध बाइक सवारों की जानकारी भी जुटा रही है।




