कोंडागांव पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ‘आरोहण’ अभियान की शुरुआत की है। इस पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देकर रोजगार और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाना है।
पीएससी, एसएससी और बैंकिंग परीक्षाओं की होगी तैयारी
पुलिस विभाग द्वारा शुरू किए गए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पीएससी, सीजीपीएससी, सीजी व्यापम, एसएससी, बैंकिंग, रेलवे सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स, रीजनिंग, गणित और छत्तीसगढ़ सामान्य अध्ययन जैसे विषयों पर विशेष फोकस किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों की तैयारी को मजबूत बनाया जा सके।
ग्रामीण युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन का अवसर
अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान केवल कोचिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को सही दिशा और अवसर प्रदान करने का प्रयास भी है। इस दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी पुस्तक ‘छत्तीसगढ़ समसामयिक-2026’ का भी विमोचन किया गया। पुलिस का मानना है कि शिक्षा और मार्गदर्शन के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देकर समाज में बदलाव लाया जा सकता है।
15 जून से शुरू होगा मलेरिया मुक्त अभियान
जिले में 15 जून से मलेरिया मुक्त अभियान का 14वां चरण भी शुरू किया जाएगा, जो 14 जुलाई तक चलेगा। इसके तहत 70 स्वास्थ्य टीमों द्वारा 106 गांवों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वे और मलेरिया जांच की जाएगी। अभियान के दौरान मलेरिया जांच के साथ यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग भी की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी टीमों को आवश्यक प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की तैयारी पूरी कर ली है।




