सीजी भास्कर, 23 जून। रायगढ़ से गुजर रही आजाद हिंद एक्सप्रेस में एक महिला यात्री का हैंडबैग चोरी हो गया। बैग में सोने की अंगूठी, मोबाइल और कैश समेत 33 हजार 200 रुपए का सामान रखा था। इस मामले में जीआरपी रायगढ़ ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (Azad Hind Express Bag Theft)
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के सतारा जिले के गंगापुरी तालुका निवासी प्रार्थना शंकर माईती (31) 11 जून को खड़गपुर रेलवे स्टेशन से पुणे जाने के लिए आजाद हिंद एक्सप्रेस में सवार हुई थीं। वह ट्रेन की बी-3 बोगी में सीट नंबर-7 पर यात्रा कर रही थीं।
सोने के दौरान चोर ने किया हाथ साफ : Azad Hind Express Bag Theft
महिला ने बताया कि, यात्रा के दौरान खाना खाने के बाद उसने अपना हैंडबैग पैरों के पास रख दिया और सो गई। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे जब उसकी नींद खुली, तब ट्रेन रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंच चुकी थी। इस दौरान उसने देखा कि उसका हैंडबैग गायब है।
बैग में था मोबाइल, अंगूठी और कैश
महिला ने ट्रेन में और आसपास काफी तलाश की, लेकिन बैग का कोई पता नहीं चला। उसके अनुसार बैग में एक मोबाइल, करीब 20 हजार रुपए कीमत की सोने की अंगूठी, 3 हजार रुपए कैश और बाकी जरूरी सामान रखा था। जिसकी कुल कीमत 33 हजार 200 रुपए बताई गई है।
पुणे में दर्ज हुई शिकायत, रायगढ़ पहुंची जांच
घटना के बाद महिला ने इसकी शिकायत जीआरपी पुणे में दर्ज कराई थी। मामले की अपराध डायरी रायगढ़ पहुंचने के बाद जीआरपी रायगढ़ ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
ट्रेनों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं : Azad Hind Express Bag Theft
गीतांजली एक्सप्रेस से मोबाइल चोरी
10 मई को मुंबई निवासी अलामिन फिरोज शेख खड़गपुर से गीतांजली एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनका 25 हजार रुपए कीमत का मोबाइल चोरी हो गया था।
दरभंगा-रायगढ़ यात्रा में बैग पार
4 जून को रायगढ़ निवासी ब्रजेश कुमार झा दरभंगा से रायगढ़ लौट रहे थे। इस दौरान किसी अज्ञात चोर ने उनका बैग चोरी कर लिया था। उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई थी।
बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस में लैपटॉप चोरी
7 जून को ओडिशा निवासी शेख इमामुद्दीन बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस से भुवनेश्वर से बिलासपुर जा रहे थे। सफर के दौरान उनका बैग चोरी हो गया, जिसमें लैपटॉप समेत करीब 45 हजार रुपए का सामान था।
महिला के गले से मंगलसूत्र पार
उसी दिन रायगढ़ के चांदनी चौक धोबीपारा निवासी बृहस्पति बाई अपनी बेटी के साथ अकलतरा जा रही थीं। यात्रा के दौरान किसी ने उनके गले से करीब 30 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया।
नर्मदा एक्सप्रेस में 90 हजार की चोरी
14 जून को पद्मावती थवाईत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उज्जैन से बिलासपुर आते समय नर्मदा एक्सप्रेस में उनका पर्स और बैग चोरी हो गया। बाद में पर्स बाथरूम में मिला, लेकिन उसमें रखा मोबाइल और अन्य सामान गायब था। इस घटना में करीब 90 हजार रुपए का नुकसान हुआ था।
रायगढ़ पार करते ही गायब हुआ बैग
20 जून को शहडोल निवासी बालकृष्ण द्विवेदी बलसाड़-पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। रायगढ़ स्टेशन पार करने के बाद उनका बैग चोरी हो गया, जिसमें लैपटॉप समेत करीब 65 हजार रुपए का सामान रखा था।
जीआरपी बोली- ट्रेनों में लगातार की जा रही गश्त : Azad Hind Express Bag Theft
जीआरपी थाना प्रभारी बीआर बोर्झा ने बताया कि, सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर लगातार गश्त बढ़ाई गई है। संदिग्ध व्यक्तियों और पॉकेटमारों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।





