सीजी भास्कर, 03 जुलाई : जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिवनी से एक बेहद दुखद और झकझोर (Woman Suicide ) देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। दो साल पहले ही दुनिया बसाने वाली आंचल की इस खौफनाक मौत ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद से 11 महीने का मासूम बच्चा पूरी तरह अनाथ हो गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चांपा पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर मामले की बारीक जांच शुरू कर दी है।
अंदर का नजारा देख उड़े होश
पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान आंचल सिदार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब दो साल पहले सिवनी निवासी सपन सिदार (24 वर्ष) के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। आंचल अपने पति और जेठानी के साथ संयुक्त परिवार में रह रही थी। पति सपन ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात आंचल रोज की तरह अपने कमरे में सोने गई और उसने अंदर से दरवाजा लॉक कर लिया। काफी देर बाद जब परिजनों ने उसे आवाज दी, तो अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने दरवाजा तोड़ने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन जब दरवाजा टस से मस नहीं हुआ, तो उन्होंने घर के पीछे का रुख किया। परिजनों ने कमरे की छत पर लगी शीट (कवैलू/एस्बेस्टस) को हटाया और अंदर झांका, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर आंचल का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था।
आत्महत्या या कुछ और?
परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत इसकी सूचना चांपा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रवाना किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस नवविवाहिता की मौत के मामले में मर्ग कायम कर पति और जेठानी सहित मायके पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का साफ कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।



