सीजी भास्कर, 10 जुलाई : छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल (CG DSP Transfer) करते हुए 13 डीएसपी (DSP) के तबादले किए हैं। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत अधिकारियों को एटीएस (ATS), एसटीएफ (STF), विशेष शाखा, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों और विभिन्न सशस्त्र बल वाहिनियों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह आदेश 9 जुलाई 2026 को गृह विभाग की ओर से जारी किया गया।
13 डीएसपी को मिली नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार अमित शर्मा को 15वीं वाहिनी बीजापुर से विशेष शाखा, पुलिस मुख्यालय रायपुर भेजा गया है। मनीष कुमार साहू को 17वीं वाहिनी कबीरधाम से 21वीं वाहिनी करकाभाट (बालोद) में पदस्थ किया गया है। शैलेंद्र कुमार सेन को एसटीएफ बघेरा (दुर्ग) से 17वीं वाहिनी कबीरधाम भेजा गया है। देवनारायण सिंह को 18वीं वाहिनी मनेन्द्रगढ़ में नई जिम्मेदारी दी गई है। इंद्रसेन बंजारे को प्रथम वाहिनी भिलाई से सातवीं वाहिनी भिलाई स्थानांतरित (CG DSP Transfer) किया गया है।
इसके अलावा मिलमन मिंज को तीसरी वाहिनी अमलेश्वर से 11वीं वाहिनी जांजगीर भेजा गया है। ओमप्रकाश सेन को एसटीएफ बघेरा (दुर्ग) में पदस्थ किया गया है। राकेश कुमार सलाम को सीटीजेडब्ल्यू कॉलेज कांकेर से 14वीं वाहिनी धनोरा (बालोद) भेजा गया है। रामबहादुर शर्मा को 10वीं वाहिनी सूरजपुर से 13वीं वाहिनी बांगो (कोरबा) और शब्बीर अली को 13वीं वाहिनी बांगो (कोरबा) से 15वीं वाहिनी बीजापुर भेजा गया है।
प्रशासनिक कसावट के तहत जारी हुआ आदेश
गृह विभाग ने बताया कि सभी तबादले प्रशासनिक आवश्यकता के आधार पर किए गए हैं। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस मुख्यालय, संबंधित पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।




