सीजी भास्कर, 10 जुलाई : रायगढ़ जिले के बरमकेला थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (CG News) हो गई। ग्राम गिरहुलपाली निवासी पिंटू निराला (30) का शव शुक्रवार सुबह ग्राम लोधिया के पास सड़क किनारे ईंट भट्ठे के पास मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में शराब के नशे में गिरने से मौत की आशंका जताई गई है, जबकि पूरे मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, पिंटू निराला गुरुवार रात बरमकेला की ओर गया था। शुक्रवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवक को औंधे मुंह पड़ा देखा। सूचना मिलने पर बरमकेला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
कुछ ही देर में युवक की तस्वीर सोशल मीडिया (CG News) पर वायरल हुई, जिसके बाद उसकी पहचान गिरहुलपाली निवासी पिंटू निराला के रूप में हुई। परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।
शराब पीने की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक ने शराब पी रखी थी। आशंका है कि संतुलन बिगड़ने से वह औंधे मुंह गिर पड़ा और इसी कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
CCTV फुटेज की होगी जांच
मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस अब घटनास्थल के समीप स्थित ट्रैक्टर शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। बताया गया कि मृतक अपने भाई के साथ बरमकेला में मोबाइल दुकान चलाता था। युवक की मौत से गांव में शोक का माहौल है।



