सीजी भास्कर, 18 अगस्त। रायपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से करीब 1.15 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में साइबर ठगी से जुड़े मामले दर्ज हैं। (Share Trading Scam)
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुजरात निवासी शुभम चौहान और साबले प्रेम विश्वास, महाराष्ट्र निवासी विक्की राहंगडाले तथा मध्यप्रदेश निवासी अनुज सेन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनके इस्तेमाल किए गए बैंक खातों व मोबाइल नंबरों से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच के आधार पर कार्रवाई की।

बैंक खातों और मोबाइल नंबरों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस : Share Trading Scam
पुलिस टीम ने ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग राज्यों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी कंपनियों और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर लोगों को शेयर ट्रेडिंग में बड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद पीड़ितों से अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती थी।
तीन मामलों में 1.15 करोड़ की ठगी का खुलासा
पहले मामले में बलौदाबाजार जिले के पलारी निवासी डागेश चंद्राकर से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 69 लाख रुपए ठगे गए थे। जांच के बाद पुलिस ने गुजरात के सूरत से शुभम चौहान और साबले प्रेम विश्वास को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के संबंध में अलग-अलग राज्यों में 20 से अधिक मामले सामने आए हैं।
दूसरे मामले में भाटापारा निवासी मुकेश विश्वकर्मा से 12 लाख रुपए की ठगी की गई थी। इस मामले (Share Trading Scam) में मध्यप्रदेश के कटनी निवासी अनुज सेन को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर अपने साथियों के साथ साइबर ठगी करता था।
तीसरे मामले में मंदिर हसौद निवासी वेदप्रकाश बघेल से 34 लाख रुपए ठगे गए थे। इस मामले की जांच के दौरान महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी विक्की राहंगडाले को गिरफ्तार किया गया।
चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और उनके नेटवर्क की जांच कर रही है।
ख़बरें और भी हैं : SEBI open market buyback : 1 अगस्त से शेयर बाजार में बड़ा बदलाव



