सीजी भास्कर, 07 सितम्बर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। जूटमिल थाना क्षेत्र में शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से चोरी हुई चार एक्टिवा स्कूटी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। (Raigarh Bike Theft Gang)
जानकारी के मुताबिक, 14 से 17 अगस्त के बीच मिट्ठुमुड़ा स्थित शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से चार एक्टिवा चोरी हो गई थीं। मामले में 20 अगस्त को शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
चोरी के वाहन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी : Raigarh Bike Theft Gang
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आदतन बदमाश मार्शल यादव और उसका साथी सुनील सारथी चोरी की स्कूटियों के साथ मौजूद हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने शोरूम यार्ड में घुसकर अलग-अलग दिनों में चार स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, चोरी की गई स्कूटियों को सुनील सारथी के घर के नीचे छिपाकर रखा गया था और दोनों उन्हें बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे।

शोरूम के यार्ड से चोरी हुईं चार एक्टिवा बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चारों एक्टिवा बरामद कर लीं। बरामद संपत्ति की कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस की पूछताछ में चोरी की कुछ पुरानी वारदातों का भी खुलासा हुआ। आरोपी मार्शल यादव ने करीब दो महीने पहले एचएफ डिलक्स बाइक चोरी करने की बात बताई। इसके अलावा गांधीनगर-काशीराम चौक से ड्रीम युग मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी भी सामने आई है। दोनों बाइक बाद में अलग-अलग स्थानों पर लावारिस हालत में मिली थीं।
पूछताछ में पुरानी बाइक चोरी की वारदातों का भी खुलासा : Raigarh Bike Theft Gang
इसके अलावा आरोपी ने चक्रधरनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में भी मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातों के बारे में जानकारी दी है। पुलिस अब इन मामलों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
वाहन चोर मार्शल यादव पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, आरोपी मार्शल यादव पहले भी वाहन चोरी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। पिछले महीने चक्रधरनगर पुलिस ने भी उसे स्कूटी चोरी के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था।
फिलहाल जूटमिल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और चोरी की अन्य वारदातों में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है।



