सीजी भास्कर, नवा रायपुर, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव (Chhattisgarh Rajyotsav Air Show) में इस बार आसमान में रोमांचक नजारा देखने को मिलेगा। भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में नौ स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के साथ हवाई करतब दिखाएगी। राज्योत्सव में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के शामिल होने की भी संभावना है। हालांकि, दोनों नेताओं के उद्घाटन समारोह में आने या समापन कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Road Construction : उखड़ी सड़क और घटिया निर्माण पर एक्शन, ठेकेदारों को नोटिस, 6 इंजीनियर भी घेरे में
पहले और अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम
राज्योत्सव के पहले दिन 1 नवंबर को बॉलीवुड गायिका पलक मुछाल प्रस्तुति देंगी। वहीं, 3 नवंबर को आयोजन के अंतिम दिन गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी प्रस्तुति देंगे। इन कार्यक्रमों के साथ राज्योत्सव में सांस्कृतिक आकर्षण भी देखने को मिलेगा।
नौ हेलीकॉप्टर दिखाएंगे करतब
भारतीय वायु सेना की सारंग टीम स्वदेशी एचएएल ध्रुव हेलीकॉप्टरों के साथ प्रदर्शन करती है। इन हेलीकॉप्टरों पर मोर की आकर्षक आकृति बनी होती है। टीम के पांच से नौ हेलीकॉप्टर एक साथ उड़ान भरकर आसमान में अलग-अलग एयरोबेटिक करतब दिखाते हैं। शो (Chhattisgarh Rajyotsav Air Show) के दौरान हेलीकॉप्टर क्रॉस ओवर ब्रेक, डॉल्फिन और डबल क्रॉस जैसे करतब दिखाने के साथ आसमान में दिल जैसी आकृतियां भी बनाएंगे। कम गति पर और एक-दूसरे के नजदीक उड़ान भरते हेलीकॉप्टर दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पिछले साल राज्योत्सव में सूर्य किरण टीम ने फाइटर जेट के साथ एयरोबेटिक शो किया था।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh OTS-2 Scheme : छत्तीसगढ़ में सस्ते मकान खरीदने का मौका! 1,659 संपत्तियां बिकीं, अब भी 997 बाकी
सुरक्षा और यातायात की तैयारी
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को एयर शो के दौरान सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया है।
उड़ानों के संचालन पर असर संभव
नवा रायपुर में हेलीकॉप्टर शो के कारण रायपुर एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन प्रभावित होने की संभावना है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया जा सकता है। इस दौरान विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ पर रोक रहने की बात कही गई है। शो के दौरान संभावित प्रतिबंधों से दिल्ली जाने वाली उड़ानों सहित अन्य सेवाओं के समय पर असर पड़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान का ताजा समय और संभावित बदलाव की जानकारी ले लें।
यह भी पढ़ें : Dhoni IPL 2027 Playing Decision : IPL 2027 से पहले एमएस धोनी लेंगे बड़ा फैसला, दिसंबर से पहले साफ होगी खेलने की तस्वीर



