सीजी भास्कर, 10 नवंबर। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोपली में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहर पारा स्थित पत्थर खदान के पानी में नहाने उतरे 37 वर्षीय युवक प्रेम प्रकाश की डूबने से मौत हो गई। करीब दो घंटे तक चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ की टीम ने युवक के शव को बाहर निकाला। (Durg Breaking)
गहराई का अंदाजा न होना बना हादसे की वजह : Durg Breaking
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम प्रेम प्रकाश खदान के पानी में नहाने के लिए उतरा था। इस दौरान वह पानी की थाह और गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा सका और सीधे गहरे हिस्से में चला गया। करीब 55 फीट गहरा पानी होने के कारण वह संभल नहीं पाया और कुछ ही देर में पानी में समा गया।
चुनौतीपूर्ण हालात में चला रेस्क्यू ऑपरेशन : Durg Breaking
घटना की सूचना शाम करीब 4 बजे जिला कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अत्यधिक गहराई और सीमित दृश्यता के बावजूद प्रशिक्षित गोताखोर राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने पानी में उतरकर तलाश शुरू की। लगातार दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम लगभग 6 बजे शव को खोजकर बाहर निकाल लिया गया।

शोक में डूबा गांव, पुलिस जांच जारी
रेस्क्यू पूरा होने के बाद शव उतई थाना क्षेत्र की मचांदुर चौकी पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद से पूरे खोपली गांव में मातम पसरा हुआ है।



