सीजी भास्कर, 11 नवंबर। रायपुर के चंगोराभाठा में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इलेक्ट्रिक ऑटो की टक्कर का विरोध करने पर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 युवक और 4 नाबालिग शामिल हैं। (Stabbing incident in Raipur)
घटना 8 नवंबर की रात करीब 11 बजकर 50 मिनट की है। श्रीराम नगर निवासी सतीश यादव चंगोराभाठा रोड पर खड़े थे। इसी दौरान एक इलेक्ट्रिक ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए।

सतीश ने ऑटो चालक को देखकर गाड़ी चलाने की बात कही, तो ऑटो में सवार युवक नीचे उतर आए। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान धारदार हथियार से सतीश पर हमला कर दिया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
शिकायत के बाद डीडी नगर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने मयंक ठाकुर और लक्ष्य निर्मलकर सहित 4 नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। (Stabbing incident in Raipur)
आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और इलेक्ट्रिक ऑटो भी जब्त किया गया है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की है।


