सीजी भास्कर, गरियाबंद, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में मैनपुर-कुल्हाड़ीघाट मुख्य मार्ग पर अचानक तेंदुआ (Gariaband Leopard News) दिखाई देने से राहगीरों में हलचल मच गई। शाम के समय सड़क पर तेंदुए को देखकर वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं। तेंदुआ कुछ देर तक सड़क पर विचरण करता रहा और फिर जंगल की ओर चला गया। इस दौरान राहगीरों ने अपने मोबाइल में उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
सड़क पर तेंदुआ देख थमे वाहन
घटना उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के बफर जोन में कुल्हाड़ीघाट वन परिक्षेत्र की बताई जा रही है। मैनपुर-कुल्हाड़ीघाट मार्ग से गुजर रहे लोगों को अचानक सड़क पर तेंदुआ दिखाई दिया। उसे देखकर वाहन चालकों ने दूरी बनाते हुए अपनी गाड़ियां रोक दीं। तेंदुआ कुछ देर तक सड़क पर घूमता रहा। इसके बाद वह जंगल की ओर चला गया। ग्राम पंचायत कुल्हाड़ीघाट के सचिव प्रेम ध्रुव ने भी तेंदुए का वीडियो सामने आने की पुष्टि की है।
वन विभाग ने दी सावधानी बरतने की सलाह
वन विभाग ने इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के मुताबिक, वाहन चालकों को जंगल वाले रास्ते पर गाड़ी धीमी गति से चलानी चाहिए। यदि सड़क या आसपास तेंदुआ दिखाई दे तो उसके करीब जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें। तेंदुआ दिखने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उसे बिना छेड़छाड़ किए जंगल की ओर जाने का रास्ता दें।
यह भी पढ़ें : Anganwadi Workers Helpers Strike : महासमुंद में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की 3 दिवसीय हड़ताल शुरू



