सीजी भास्कर, अंबिकापुर, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में 19 ग्रामीणों की जान लेने वाले कबरा हाथी (Kabra Elephant Operation) के व्यवहार में झुंड में शामिल होने के बाद बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले पांच दिनों से वह जंगल से बाहर नहीं निकला है और 17 हाथियों के दल में ही बना हुआ है। वन विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है, लेकिन अब तक उसे ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाने में सफलता नहीं मिली है। वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम बुधवार को छठवें दिन भी अभियान में जुटी हुई है।
17 हाथियों के झुंड में घुसा कबरा
हाथियों का दल उदयपुर ब्लॉक के तेंदूटिकरा और सरमा के बीच जंगल से लौटकर रामगढ़ की पहाड़ियों से लगे जंगल में पहुंच गया है। मंगलवार को भी कबरा हाथी को झुंड से अलग कर ट्रेंकुलाइज करने का प्रयास किया गया, लेकिन अनुकूल स्थिति नहीं बन पाने के कारण टीम को सफलता नहीं मिली।
इसके लिए दिन में कई बार कोशिश की गई। प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की मदद भी ली गई, लेकिन कबरा हाथी झुंड से अलग नहीं हुआ। वह लगातार 17 हाथियों के दल के साथ बना हुआ है। इसी वजह से उसे सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज करना चुनौती बना हुआ है।
यह भी पढ़ें : Anganwadi Workers Helpers Strike : महासमुंद में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की 3 दिवसीय हड़ताल शुरू
ड्रोन से रखी जा रही नजर
बुधवार सुबह से वन विभाग की टीम फिर हाथियों की लोकेशन ट्रैक करने में जुट गई है। वन्यजीव विशेषज्ञ कुमकी हाथियों पर सवार होकर जंगल में पहुंचे हैं। पहाड़ी क्षेत्र में ट्रेंकुलाइज करने में दिक्कत आती है। इसलिए टीम की कोशिश है कि हाथियों का दल मैदानी इलाके की ओर बढ़े। यदि कबरा हाथी झुंड से अलग निकलता है, तभी उसे ट्रेंकुलाइज करने का प्रयास किया जाएगा।
हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अत्याधुनिक तकनीक वाले ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। ड्रोन कैमरों से दल की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं। वन विभाग को उम्मीद है कि निगरानी के दौरान कबरा हाथी को झुंड से अलग करने का अनुकूल अवसर मिल सकता है।
जल्दबाजी नहीं, सुरक्षा प्राथमिकता
सरगुजा के मुख्य वन संरक्षक वन्यप्राणी डॉ. प्रणय मिश्रा ने बताया कि अभियान शुरू होने के बाद से कबरा हाथी झुंड में शामिल हो गया है और जंगल से बाहर नहीं निकल रहा है। यह अच्छी बात है, क्योंकि इससे हाथियों के साथ इंसानों की सुरक्षा भी बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि यह ऐसा अभियान है, जिसमें समय सीमा निर्धारित नहीं की जा सकती। पूरी प्रक्रिया के दौरान ध्यान रखना पड़ता है कि किसी भी हाथी को नुकसान न पहुंचे और अभियान में लगे अधिकारी-कर्मचारी भी सुरक्षित रहें।
डॉ. मिश्रा के मुताबिक, कबरा हाथी के व्यवहार में कुछ बदलाव जरूर आया है, लेकिन वह झुंड के दूसरे हाथियों को अभी भी परेशान करता है। ड्रोन कैमरे से ली गई तस्वीरों में उसकी गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। टीम लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहाल ऐसी स्थिति नहीं बन पा रही है कि उसे सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाई जा सके। वन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता हाथियों के साथ इंसानों की सुरक्षा है। इसी वजह से अनुकूल परिस्थिति बनने का इंतजार किया जा रहा है और कार्रवाई में जल्दबाजी नहीं की जा रही है।
यह भी पढ़ें : GPM Forest Officer Assault Case : वन अधिकारी से मारपीट, वर्दी फाड़ी और जातिसूचक गालियां दीं; आरोपी गिरफ्तार



