सीजी भास्कर, दुर्ग, 18 नवंबर 2026। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में सूने मकान से लाखों की चोरी के मामले (Durg House Theft Case) में पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कचरू नगर, डुण्डेरा निवासी अजय धनकर (19) के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस अब तक चार वयस्क आरोपियों और दो अपचारी बालकों सहित कुल सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है।
विदेश में रह रहे भाई के मकान में चोरी
मामला ग्राम डुण्डेरा के कचरू नगर स्थित सरस्वती मंच के पास का है। सदीश कुमार (46) ने 9 अक्टूबर को उतई थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई आनंदु सुकुमारन का मकान लंबे समय से बंद था, क्योंकि वे विदेश में रहते हैं। इसी का फायदा उठाकर 7 और 8 अक्टूबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने मकान के पीछे स्थित किचन का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। आरोपी वहां से एलईडी टीवी, लैपटॉप, फ्रिज, वाशिंग मशीन, पंखे, सोने के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित करीब 1 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए थे।
बंद मकानों की रेकी कर करते थे चोरी
उतई पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 305, 331(4), 317(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में पता चला कि आरोपी लंबे समय से बंद पड़े मकानों की पहले रेकी करते थे। इसके बाद रात में पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के सामान को अलग-अलग लोगों को बेचकर आरोपी रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने इस मामले (Durg House Theft Case) में पहले की कार्रवाई के दौरान दुरपत धनकर के घर से चोरी का सामान और नकदी बरामद की थी।
फ्रिज, लैपटॉप और सोने के जेवर बरामद
पुलिस ने पूर्व में की गई कार्रवाई में चोरी का फ्रिज, वाशिंग मशीन, लैपटॉप, सोने के आभूषण और सामान बेचने से मिली 58 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद की थी। मामले में छह आरोपियों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी थी। अब फरार चल रहे अजय धनकर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस तरह सूने मकान में हुई चोरी (Durg House Theft Case) के मामले में अब तक कुल सात आरोपियों पर शिकंजा कसा जा चुका है।



