सीजी भास्कर, बिलासपुर, 24 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक ऑटो चालक ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। सड़क पर मिले करीब 3 लाख रुपये से भरे बैग (Bilaspur Auto Driver Honesty) को उसने अपने पास सुरक्षित रखा और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, बिलासपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से ऑटो चालक तक पहुंचकर व्यापारी की गुम हुई रकम सही-सलामत वापस करा दी।
यह भी पढ़ें : Bonelli Eagle Barnawapara : सफारी शुरू होते ही जंगल में दिखा दुर्लभ शिकारी पक्षी, कैमरे में कैद हुई खास तस्वीर
स्कूटी से गिरा रुपयों का बैग
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, पुराना हाईकोर्ट के पीछे रहने वाले नरेंद्र छुगानी व्यापार विहार और तिफरा मंडी में दीपक आलू भंडार के नाम से दुकान चलाते हैं। 23 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे वह स्कूटी से दुकान जा रहे थे। इसी दौरान टिकरापारा के मामा-भांजा तालाब के पास उनकी स्कूटी में रखा रुपयों से भरा बैग सड़क पर गिर गया। बैग में करीब 3 लाख रुपये नकद थे। कुछ देर बाद जब नरेंद्र छुगानी को बैग गायब होने का पता चला तो वह घबरा गए। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे सिटी कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें : Korba Python Rescue : महिंद्रा वर्कशॉप में अचानक दिखा 8 फीट लंबा अजगर, कर्मचारियों में मचा हड़कंप
CCTV से ऑटो चालक तक पहुंची पुलिस
सिटी कोतवाली सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव ने बताया कि शिकायत मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने आईटीएमएस भवन सहित शहर के अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक व्यक्ति सड़क पर पड़ा बैग उठाकर ऑटो चालक को देता दिखाई दिया। इसके बाद ऑटो के नंबर के आधार पर आरटीओ से जानकारी जुटाकर चालक की पहचान की गई।
यह भी पढ़ें : Mahadev Betting Case : दुबई के विला में खुद को ‘सर’ बताकर मिला था प्रमोटरों से, 15 करोड़ में जज-अफसरों को मैनेज करने का दावा
व्यापारी को लौटाए 3 लाख
पुलिस ने ऑटो चालक से पूछताछ की तो उसने बैग मिलने की बात स्वीकार की और उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस ने व्यापारी नरेंद्र छुगानी को बुलाकर करीब 3 लाख रुपये से भरा बैग सही-सलामत वापस कर दिया। इस तरह पुलिस की तत्परता और ऑटो चालक की ईमानदारी (Bilaspur Auto Driver Honesty) से व्यापारी को उसकी रकम वापस मिल गई। घटना ने शहर में ईमानदारी और जिम्मेदारी की एक अच्छी मिसाल पेश की है।
यह भी पढ़ें : Balrampur Drowning Case : डबरी में डूबने से 37 वर्षीय युवक की मौत, दूसरे दिन मिला शव; किनारे पड़े थे कपड़े और चप्पल



