सीजी भास्कर, रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, गांधीवादी चिंतक और वरिष्ठ लेखक कनक तिवारी का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन (Kanak Tiwari Death) से प्रदेश के कानूनी, साहित्यिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। कनक तिवारी का जन्म 26 जुलाई 1940 को हुआ था। वे गांधीवादी विचारधारा, भारतीय संविधान, सामाजिक न्याय और आदिवासी अधिकारों पर अपनी स्पष्ट समझ और लेखन के लिए पहचाने जाते थे। उन्होंने अपने जीवन में शिक्षण, पत्रकारिता और वकालत तीनों क्षेत्रों में काम किया।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Coal Levy Scam : रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से झटका, नियमित जमानत याचिका खारिज
प्रोफेसर से पत्रकार बने
कनक तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत अंग्रेजी साहित्य के प्राध्यापक के रूप में की थी। करीब आठ से नौ साल तक उन्होंने कॉलेजों में अध्यापन किया। इसके बाद वे पत्रकारिता से जुड़े। उन्होंने पीटीआई, नवभारत टाइम्स, नवभारत और नागपुर टाइम्स जैसे संस्थानों में काम किया। पत्रकारिता के बाद उन्होंने कानून की पढ़ाई की। वर्ष 1971 में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से एलएलबी की परीक्षा स्वर्ण पदक के साथ पास की और वकालत शुरू की। कानून के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी उनकी गहरी पकड़ थी।
यह भी पढ़ें : Raipur ED Raid : VIP रोड के 7 होटलों में छापे की सूचना, महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर से कनेक्शन की जांच
मजदूर आंदोलनों से जुड़ाव
कनक तिवारी छत्तीसगढ़ के चर्चित मजदूर नेता शंकर गुहा नियोगी से जुड़े कानूनी प्रसंगों में भी सक्रिय रहे। नियोगी की हत्या के बाद उनके जमानत और अन्य कानूनी मामलों में तिवारी की भूमिका का उल्लेख मिलता है। वे केवल अदालतों में कानूनी दलीलें रखने तक सीमित नहीं थे। मजदूर अधिकार, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर भी लगातार अपनी बात रखते रहे।
यह भी पढ़ें : Janjgir Murder Case : प्रेमिका की हत्या कर झाड़ियों में छिपाया शव, दो दिन बाद आरोपी की निशानदेही पर मिला
महाधिवक्ता पद पर विवाद
दिसंबर 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने कनक तिवारी को छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया था। जून 2019 में उन्हें इस पद से हटा दिया गया। उस समय तिवारी ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने सवाल उठाया था कि जब उन्होंने इस्तीफा दिया ही नहीं, तो उसे मंजूर कैसे किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Dhan Kharidi 2026 : धान बेचने में किसानों को नहीं होगी परेशानी, खसरा मैपिंग और फसल सत्यापन की तारीख तय
आदिवासी अधिकारों पर लेखन
कनक तिवारी ने आदिवासी समाज और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से लिखा। उनकी पुस्तक ‘आदिवासी उपेक्षा की अंतर्कथा: ब्रिटिश हुकूमत से 21वीं सदी तक’ का वर्ष 2021 में तत्कालीन राज्यपाल अनुसुईया उइके ने राजभवन में विमोचन किया था। उनका मानना था कि जंगल और पहाड़ आदिवासी जीवन के मूल आधार हैं और उन पर समुदाय का अधिकार होना चाहिए। उनके लेखन में आदिवासी समाज की समस्याओं, विस्थापन और अधिकारों से जुड़े सवाल प्रमुखता से सामने आते रहे।
यह भी पढ़ें : Ambikapur Cold Weather Death : अंबिकापुर में खुले में सोए युवक की मौत, ठंड से जान जाने की आशंका; 11.4°C तक गिरा पारा
गांधीवादी विचारों से प्रभावित
कनक तिवारी गांधी के अहिंसक विचारों से प्रभावित थे, लेकिन उनकी वैचारिक रुचि का दायरा व्यापक था। वे डॉ. भीमराव अंबेडकर, राममनोहर लोहिया, जवाहरलाल नेहरू और भगत सिंह के विचारों का भी अध्ययन करते थे। ‘संविधान और हम भारत के लोग’, ‘फिर से हिंद स्वराज’ और ‘बस्तर : लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट’ उनकी चर्चित पुस्तकों में शामिल हैं। उनके लेखन और सार्वजनिक जीवन में संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के सवाल लगातार प्रमुख रहे।
यह भी पढ़ें : Husband Arrested : जशपुर में पत्नी की हत्या कर पति ने रची झूठी कहानी, खाट से गिरने की बात कहकर दफनाया शव



