सीजी भास्कर, भिलाई डेस्क 28 नवंबर 2026। आगामी रिसाली नगर निगम चुनाव (Risali Municipal Corporation Election) की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी रणनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में पार्टी के समस्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की जिला स्तरीय बैठक जिला भाजपा कार्यालय में संपन्न हुई। यह बैठक दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक (Surendra Kaushik) की अध्यक्षता तथा रिसाली नगर निगम चुनाव प्रभारी और छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव (Anurag Singh Deo) की मुख्य उपस्थिति में आयोजित की गई।

समाज के हर वर्ग तक पहुंचने का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए रिसाली नगर निगम चुनाव प्रभारी अनुराग सिंह देव ने कहा कि भाजपा के सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों में समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व है और प्रत्येक इकाई की अपनी विशेष भूमिका है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर समाज के हर वर्ग से संवाद स्थापित करने और सामूहिक समन्वय के साथ काम करते हुए पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार पर जोर
जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की जमीनी सक्रियता के बल पर पार्टी चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी घर-घर और आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।
कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक के दौरान आगामी चुनाव (BJP Morcha Prakoshtha Meeting Risali) के लिए बूथ व वार्ड स्तर की रणनीति तैयार करने पर विस्तार से चर्चा हुई और पदाधिकारियों से सुझाव लिए गए। अंत में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन द्वारा सौंपे गए चुनावी दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला महामंत्री विनोद अरोरा, जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक दिनेश देवांगन और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री साजन जोसेफ सहित विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : Surajpur Gambling Case : जुआरियों से कथित सांठगांठ पर गिरी गाज, थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित



