सीजी भास्कर, सक्ती, 29 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के झालरौंदा गांव में करीब 400 एकड़ सरकारी जमीन (Sakti Government Land Scam) को कथित तौर पर निजी लोगों के नाम पर दर्ज कराने का मामला सामने आया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने कलेक्टर जयश्री जैन से शिकायत कर राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी, फर्जी किसान पंजीयन और धान खरीदी की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सरकारी जमीन को निजी नामों पर दर्ज कराकर फर्जी धान बिक्री की गई और इसके जरिए करीब 60 लाख रुपये के सरकारी बोनस का लाभ लिया गया। मामले में कलेक्टर ने डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित कर दी है।
यह भी पढ़ें : Raigarh Elephant Death : जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाया करंट का तार, हाथी की मौत, 4 गिरफ्तार
पटवारी के कार्यकाल पर सवाल
रमेश चंद्रा के मुताबिक, झालरौंदा गांव में तत्कालीन पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार के कार्यकाल के दौरान बड़ी संख्या में सरकारी जमीन अलग-अलग लोगों के नाम दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके लिए प्रति एकड़ करीब 50 हजार रुपये तक का लेन-देन हुआ।
शिकायतकर्ता का दावा है कि जमीन के रिकॉर्ड में बदलाव के बाद फर्जी किसान पंजीयन और धान बिक्री की पर्चियां तैयार कराई गईं। इन्हीं पर्चियों के आधार पर सेवा सहकारी समिति में धान बेचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लिया गया। इसमें तहसील स्तर के अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई गई है।
यह भी पढ़ें : Raigarh Elephant Raju : ओडिशा से भटककर रायगढ़ पहुंचा पालतू हाथी ‘राजू’, देखने उमड़ी भीड़
परिवारों के नाम जमीन
शिकायत में कुछ परिवारों के सदस्यों के नाम पर बड़ी मात्रा में सरकारी जमीन दर्ज होने का दावा किया गया है। इसमें दीपक चौहान, घसिया राम कुर्रे और राकेश सहित अन्य लोगों के नामों का उल्लेख है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, दीपक चौहान के परिवार के सदस्यों के नाम पर ही 30 एकड़ से अधिक जमीन दर्ज है। इनमें अनिता चौहान के नाम 0.83 हेक्टेयर, दीपक कुमार चौहान के नाम 3.905 हेक्टेयर, दीपिका चौहान के नाम 1.368 हेक्टेयर, दुजराम चौहान के नाम 1.444 हेक्टेयर, विमला बाई के नाम 4.507 हेक्टेयर और राजू प्रसाद चौहान के नाम 5.574 हेक्टेयर जमीन दर्ज होने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Blackmailing Case : खबरों के नाम पर वसूली का बड़ा नेटवर्क! गिरफ्तार आरोपी ने लिया सीनियर IPS अफसर का नाम
मीडियाकर्मियों के नाम भी
शिकायत में दो मीडियाकर्मियों के नाम पर भी झालरौंदा गांव में जमीन दर्ज होने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, एक मीडियाकर्मी के नाम पर दर्ज जमीन का रकबा पिछले साल 3.108 हेक्टेयर था, जो इस साल बढ़कर 6.271 हेक्टेयर हो गया।
वहीं, हसौद निवासी एक अन्य मीडियाकर्मी के नाम पर भी गांव में जमीन दर्ज होने का दावा किया गया है। शिकायत में अलग-अलग खसरा नंबरों के तहत कुल 2.8390 हेक्टेयर जमीन का उल्लेख है। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि गांव से करीब 35 किलोमीटर दूर रहने वाले व्यक्ति के नाम पर वहां जमीन किस आधार पर दर्ज की गई। इन दावों की पुष्टि राजस्व रिकॉर्ड की जांच के बाद ही हो सकेगी।
पांच गांवों पर भी शक
रमेश चंद्रा ने आशंका जताई है कि जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी केवल झालरौंदा तक सीमित नहीं हो सकती। उन्होंने बर्रा, बिछिया, आमापाली, हरदी और भोथिया सहित अन्य गांवों के राजस्व रिकॉर्ड की भी जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का दावा है कि पिछले साल संदिग्ध किसान पंजीयन के आधार पर 60 लाख रुपये से अधिक बोनस का भुगतान किया गया। इस साल यह राशि 60 लाख से एक करोड़ रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। उन्होंने जांच पूरी होने तक संदिग्ध पंजीयन के आधार पर धान खरीदी और किसान उन्नति योजना की राशि के भुगतान पर नियमानुसार रोक लगाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें : Delimitation Bill 2026 : परिसीमन पर विपक्ष में बढ़ी हलचल, स्टालिन-पवार को मनाने चेन्नई और मुंबई पहुंचेंगे खरगे-राहुल
उच्चस्तरीय जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जांच किसी आईएएस अधिकारी या उच्चस्तरीय टीम से कराने की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग भी की है। रमेश चंद्रा ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि मामले को उजागर करने के कारण उन्हें जान-माल का खतरा हो सकता है।
कलेक्टर ने बनाई कमेटी
कलेक्टर जयश्री जैन ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जांच कमेटी गठित की गई है। इसमें अधीक्षक भू-अभिलेख सहित अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया है। जांच टीम को मौके पर जाकर जमीन से जुड़े दस्तावेजों और राजस्व रिकॉर्ड की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए नोटिस भी जारी किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि जांच में सरकारी जमीन निजी नाम पर दर्ज कराने या अन्य अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो पटवारी सहित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में तत्कालीन पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
यह भी पढ़ें : India vs Sri Lanka Series : श्रीलंका सीरीज के लिए 29 नवंबर को होगा टीम इंडिया का चयन, हार्दिक पंड्या की वापसी पर नजर



