सीजी भास्कर, रायपुर, 29 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित परिसीमन (Chhattisgarh Delimitation 2026) के बाद विधानसभा सीटों की संख्या 90 से बढ़कर 135 होने की संभावना जताई जा रही है। यानी प्रदेश को 45 नई विधानसभा सीटें मिल सकती हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर किए गए शुरुआती आकलन के मुताबिक, राज्य के 33 जिलों में से 28 जिलों में सीटों का गणित बदल सकता है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी राजधानी रायपुर में होने का अनुमान है। हालांकि, ये आंकड़े शुरुआती आकलन हैं, अंतिम परिसीमन का खाका नहीं।
यह भी पढ़ें : Bastar Maoist Hidden Treasure : माओवादियों का खजाना खोजने जंगलों में मची होड़, गड़े धन की तलाश में घर तक खोद रहे लोग
रायपुर में चार सीटें बढ़ेंगी
संभावित परिसीमन के आकलन के अनुसार, रायपुर जिले में मौजूदा 7 विधानसभा सीटों की संख्या बढ़कर 11 हो सकती है। वहीं, बिलासपुर और दुर्ग में 6-6 की जगह 9-9 सीटें होने का अनुमान है। रायगढ़, कोरबा, बलौदाबाजार-भाटापारा और महासमुंद में 6-6 विधानसभा सीटें हो सकती हैं। इसके अलावा जशपुर, जांजगीर-चांपा और राजनांदगांव में सीटों की संख्या बढ़कर 5-5 होने की संभावना जताई गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, वर्ष 2011 में छत्तीसगढ़ की आबादी करीब 2.55 करोड़ थी। प्रस्तावित 135 विधानसभा सीटों के हिसाब से एक सीट की औसत आबादी लगभग 1.89 लाख होगी। इसी अनुपात को आधार बनाकर जिलों की आबादी के अनुसार संभावित सीटों का आकलन किया गया है। रायपुर की 21.61 लाख, बिलासपुर की 16.26 लाख और दुर्ग की 17.22 लाख आबादी के आधार पर इन जिलों में सीटें बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Dragon Boat Team : राष्ट्रीय चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के 58 खिलाड़ी दिखाएंगे दम, कटक के लिए टीम रवाना
लोकसभा सीटें 17 होंगी
परिसीमन का असर लोकसभा क्षेत्रों पर भी पड़ सकता है। छत्तीसगढ़ में मौजूदा 11 लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 17 होने का अनुमान है। अभी एक लोकसभा क्षेत्र की औसत आबादी करीब 23.22 लाख है। सीटों की संख्या बढ़ने पर यह औसत घटकर लगभग 15 लाख रह सकता है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर की आबादी इस संभावित औसत से अधिक है। ऐसे में इन जिलों के कुछ हिस्सों और आसपास के जिलों के विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर नए लोकसभा क्षेत्र बनाए जा सकते हैं। वर्तमान में रायपुर लोकसभा क्षेत्र में बलौदाबाजार, भाटापारा, धरसींवा, रायपुर ग्रामीण, रायपुर नगर पश्चिम, रायपुर नगर उत्तर, रायपुर नगर दक्षिण, आरंग और अभनपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। वहीं, बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र में कोटा, लोरमी, मुंगेली, तखतपुर, बिल्हा, बिलासपुर, बेलतरा और मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र आते हैं। सीटों की संख्या बढ़ने पर इन क्षेत्रों की सीमाओं में भी बदलाव संभव है।
अंतिम खाका बाकी
आबादी के आधार पर सीटों की संख्या का यह शुरुआती आकलन है। परिसीमन की वास्तविक प्रक्रिया में जिले के साथ तहसील, राजस्व क्षेत्र और पटवारी हल्के तक के आंकड़ों का अध्ययन किया जाता है। इसमें केवल जनसंख्या ही नहीं, बल्कि भौगोलिक स्थिति और क्षेत्रीय सीमाओं को भी ध्यान में रखा जाता है। विधानसभा क्षेत्रों की आबादी में औसत से 15 से 20 प्रतिशत तक का अंतर हो सकता है। इसलिए यह जरूरी नहीं है कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की आबादी 1.89 लाख ही हो। इसी तरह लोकसभा क्षेत्र भी किसी एक जिले तक सीमित नहीं होते। आसपास के जिलों या उनके कुछ हिस्सों को मिलाकर नए निर्वाचन क्षेत्र बनाए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें : Delimitation Bill 2026 : परिसीमन पर विपक्ष में बढ़ी हलचल, स्टालिन-पवार को मनाने चेन्नई और मुंबई पहुंचेंगे खरगे-राहुल
शुरुआती अनुमान
यह संभावित आकलन वर्ष 2011 की जनगणना और छत्तीसगढ़ के 33 जिलों की सीमाओं के आधार पर उपलब्ध आबादी के आंकड़ों से तैयार किया गया है। इसे परिसीमन का अंतिम खाका नहीं माना जा सकता। वास्तविक सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं विस्तृत अध्ययन तथा आधिकारिक परिसीमन प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होंगी।
यह भी पढ़ें : Bilaspur Teachers Digital Attendance : बिलासपुर में शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन अब डिजिटल हाजिरी के आधार पर मिलेगा



