सीजी भास्कर, 13 जनवरी। अकासा एयर (Akasa Air) की पुणे से बेंगलुरू जाने वाली उड़ान को तकनीकी खराबी के चलते एयरपोर्ट पर रोकना पड़ा। इससे पुणे से बेंगलुरू जा रहे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। जानकारी के अनुसार विमान में तकनीकी खामी सामने आने के बाद उसमें सवार यात्रियों को उतार दिया गया। यह फ्लाइट मंगलवार सुबह रवाना होने वाली थी, लेकिन टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी इश्यू दर्ज होने पर उड़ान रोक दी गई। इसके बाद यात्रियों ने अपना अनुभव साझा किया।
डेढ़ घंटे विमान में ही बैठे रहे यात्री
जिस अकासा एयर विमान (Akasa Air) में खराबी आई थी, वह बोइंग 737 मैक्स था। तकनीकी समस्या के चलते यात्री करीब डेढ़ घंटे तक विमान के भीतर ही बैठे रहे। जब खराबी दूर नहीं हो सकी तो यात्रियों को डी-प्लेन किया गया। एक यात्री ने बताया कि अकासा एयर की बेंगलुरू जाने वाली फ्लाइट QIP1312 पुणे एयरपोर्ट पर ही रुकी रही। विमान उड़ान की तैयारी में था, लेकिन अंतिम समय में तकनीकी दिक्कत आ गई, जिसके कारण उड़ान नहीं भर सकी।
अकासा एयर का क्या कहना है?
अकासा एयर (Akasa Air) ने बयान जारी कर कहा कि उड़ान संख्या QIP 1312 में तकनीकी खराबी के कारण देरी हुई और यह फ्लाइट दोपहर में रवाना हुई। एयरलाइन ने बताया कि जो यात्री संशोधित उड़ान से यात्रा करना चाहते हैं, उन्हें उसी में भेजा गया है, जबकि रिफंड चाहने वाले यात्रियों के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा अकासा एयरलाइंस फरवरी के अंत तक वाराणसी से जेवर एयरपोर्ट, पुणे और अहमदाबाद के लिए नई उड़ान सेवाएं शुरू करने की तैयारी में है।





