सीजी भास्कर, 17 मई। गुजरात से छत्तीसगढ़ की रायपुर लाए गए दो जेब्रा में एक की मौत हो गई। सांप के काटने से उसकी मौत होना बताया जा रहा है। दूसरा जेब्रा सुरक्षित है, इन्हें रेस्क्यू सेंटर में रखा गया था। इनमें एक नर और दूसरा मादा है।
चर्चा है कि सांप के काटने से जेब्रा की मौत हुई है। इन्हें हाल ही में गुजरात के जामनगर के राधे कृष्णा टेम्पल एलिफेंट वेलफेयर ट्रस्ट से लिया गया था। जेब्रा की मौत की जांच की जा रही है।
नया रायपुर स्थित नंदनवन जंगल सफारी में जेब्रा का जोड़ा लाया गया था। इसके बदले दुलर्भ प्रजाति के सफेद भालू राधे कृष्णा टेम्पल एलिफेंट वेलफेयर ट्रस्ट को दिए गए थे।
जेब्रा के जोड़े का 21 मई को मुख्यमंत्री के जरिए डिस्प्ले होना था। लेकिन, इससे पहले नर जेब्रा की मौत हो गई। वन अधिकारियों के मुताबिक, जेब्रा के जोड़े को गुजरात से लाकर रेस्क्यू सेंटर में रखा गया था।
जेब्रा को जहरीले सांप ने काटा
जेब्रा की मौत के बारे में जंगल सफारी संचालक थेजस शेखर ने मीडिया को बताया कि जैसे ही जानकारी मिली तभी जेब्रा की चिकित्सकीय मदद दी गई। उन्होंने बताया कि जेब्रा को जहरीले सांप ने काट लिया था, जिसके जहर का असर उसके पूरे शरीर में हो गया था। जहर फैलने की वजह से उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना दोबारा न हो।
रखा गया था रेस्क्यू सेंटर में
वन अधिकरी ने बताया कि जामनगर से जेब्रा के जोड़े के आलावा मीर कैट और माउस डियर के जोड़े भी लाए गए थे। इन सभी को पहले रेस्क्यू सेंटर में रखा गया था। इनकी हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। अचानक इनमें एक नर जेब्रा की हालत बिगड़ गई।
लोगों का कहना है कि उसे किसी जहरीले सांप ने डस लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।