सीजी भास्कर, 19 मई । रायपुर में बीजेपी विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट के मामले में पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास मॉर्निंग वॉक के दौरान आरोपी मोबाइल छीनकर फरार हो गया था। (Mobile robbery case)
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमों ने तत्काल जांच शुरू की।
40 से ज्यादा पुलिसकर्मी जांच में जुटे : Mobile robbery case
घटना के बाद पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, क्राइम और साइबर सेल समेत 40 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को जांच में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। केनाल रोड पर लगे कैमरों में आरोपी के भागने का फुटेज मिला, जिसके आधार पर कपड़ों और वाहन नंबर से उसकी पहचान की गई।
पुलिस ने आरोपी मणिकांत ध्रुव (19) को खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर से गिरफ्तार किया। आरोपी रैपिडो राइडर बताया जा रहा है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
मामले में कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों के मोबाइल चोरी या लूट के मामलों में ऐसी तत्परता क्यों नहीं दिखाई जाती। उनका कहना है कि आम नागरिकों को अक्सर केवल शिकायत दर्ज कर इंतजार करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि राज्य में बड़ी संख्या में मोबाइल चोरी और गुम होने के मामले लंबित हैं। केंद्र सरकार के संचार मंत्रालय और दूरसंचार विभाग के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ में अब तक 1 लाख 53 हजार से ज्यादा मोबाइल चोरी या गुम हुए हैं, जिनमें से बड़ी संख्या अब भी बरामद नहीं हो सकी है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील : Mobile robbery case
रायपुर मध्य क्षेत्र पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता ने लोगों से मॉर्निंग वॉक या सुनसान इलाकों में जाते समय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शहर में अलसुबह पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है, लेकिन लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



