सीजी भास्कर, 23 सितंबर। नगर निगम चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को और अधिक धार देनी शुरू (Bhilai Election) कर दी है। सिविक सेंटर स्थित महात्मा गांधी कला मंदिर में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सातों मंडलों के कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मैदान में उतरने का आह्वान किया।

बैठक में विशेष तौर पर घर-घर संपर्क अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को वार्ड और मोहल्ले के हर परिवार तक पहुंचकर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदाता सूची का बूथवार अध्ययन करने और पुरानी कमियों को सुधारते हुए हर बूथ समिति को पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर दिया गया। सभी 70 वार्डों के लिए वार्ड प्रभारी व सह-प्रभारी तय कर अलग-अलग कार्ययोजना तैयार की जा रही है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुँचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, अखिलेश सोनी, दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पानीग्रही, जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, सांसद विजय बघेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, विधायक रिकेश सेन सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




