महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई पिछले कुछ दिनों में की गई है। CBI के मुताबिक, मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पैनल संचालकों के ठिकानों पर तलाशी ली गई।
छापेमारी के दौरान कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल चलते हुए मिले, जिन्हें बंद कराया गया है। जांच एजेंसी ने मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और अहम दस्तावेज भी जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल से जुड़े सबूत मिलने की बात कही गई है।
बता दें कि सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था और CBI ने उसे गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था।
12 नवंबर को रिमांड खत्म होने के बाद सौरभ चंद्राकर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
CBI के अनुसार, महादेव ऐप का संचालन विदेश से किया जा रहा था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था। फिलहाल मामले में अन्य आरोपियों, विदेश में मौजूद लोगों और कथित तौर पर शामिल सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच जारी है। फरार आरोपियों को भारत लाने की प्रक्रिया भी चल रही है।
वहीं, CBI ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गैरकानूनी है। किसी दूसरे व्यक्ति को बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज देना भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।



