सीजी भास्कर,14 नवंबर
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की गांधी परिवार को लेकर की गई सोशल मीडिया टिप्पणियों के मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। शिमला निवासी अतुल शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कंगना के सोशल मीडिया अकाउंट से की गई पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौत को लेकर भड़काऊ टिप्पणियां की गई थीं।
10 नवंबर की पोस्ट को लेकर दर्ज हुई शिकायत
शिकायतकर्ता अतुल शर्मा के अनुसार, कंगना रनौत के सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से 10 नवंबर को एक पोस्ट साझा की गई थी। इसमें कथित तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उनके बेटे संजय गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौत को लेकर टिप्पणियां की गई थीं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पोस्ट में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई और उनके परिवार के सदस्यों की मौत तथा उनके सरकार का प्रमुख बनने को लेकर सवाल उठाए गए।
शिकायतकर्ता ने जताई सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका
अतुल शर्मा ने अपनी शिकायत में इन टिप्पणियों को भड़काऊ और तथ्यहीन बताया है। उनका आरोप है कि इस तरह की पोस्ट से सामाजिक और राजनीतिक माहौल खराब हो सकता है और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच करने और मामले में आपराधिक कार्रवाई की मांग की थी।
BNS की तीन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 353(2), 196(1)(b) और 356(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच शिमला वेस्ट थाना पुलिस कर रही है।
फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।



